स्मार्ट सिटी मिशन की सुस्त रफ्तार पर CAG की फटकार
रायपुर । संवाददाता: भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) ने छत्तीसगढ़ में स्मार्ट सिटी मिशन के क्रियान्वयन को लेकर राज्य सरकार को कड़ी फटकार लगाई है. 16 दिसंबर 2025 को छत्तीसगढ़ विधानसभा में पेश की गई ऑडिट रिपोर्ट के अनुसार, साल 2016-17 से 2022-23 के बीच मिशन के तहत तय किए गए कुल प्रोजेक्ट्स में से केवल 27 प्रतिशत कार्यों के ही वर्क ऑर्डर जारी किए जा सके.
रायपुर, बिलासपुर और नवा रायपुर जैसे शहरों में मिशन का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है, जहाँ 9,627.70 करोड़ रुपये की अनुमोदित लागत के मुकाबले मात्र 2,644.44 करोड़ रुपये के ही कार्य आदेश दिए गए.
रिपोर्ट में बताया गया है कि मार्च 2023 तक इन स्वीकृत कार्यों में से भी केवल 62 प्रतिशत काम ही पूरे हो पाए थे.
CAG ने इस देरी के लिए साइट की तैयारी में कमी, प्रोजेक्ट के दायरे में बार-बार बदलाव, कमजोर अनुबंध प्रबंधन और काम आवंटन में देरी को मुख्य कारण बताया है.
ऑडिट में यह भी खुलासा हुआ है कि नियमों की अनदेखी कर अयोग्य बोलीदाताओं को काम दिया गया और देरी के बावजूद उन पर जुर्माना नहीं लगाया गया. विशेष रूप से नवा रायपुर में निविदा की शर्तों को इतना सीमित रखा गया कि 84 प्रतिशत काम केवल एक ही ठेकेदार को मिल गया.
इसके अलावा, राज्य सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों (SPSEs) की वित्तीय स्थिति पर भी सवाल उठाए गए हैं, जहाँ कई कंपनियां भारी घाटे में चल रही हैं और उनके खातों का ऑडिट सालों से लंबित है.
CAG ने सरकार को सलाह दी है कि वह सार्वजनिक धन की सुरक्षा के लिए निगरानी तंत्र को मजबूत करे और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं में तेजी लाए.