CAA पर छिड़ी रार: TMC ने बताया चुनावी हथियार
CAA पर छिड़ी रार: BJP ने ममता पर साधा निशाना, TMC ने बताया चुनावी हथियार
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) को लेकर राजनीतिक घमासान एक बार फिर तेज हो गया है. बांग्लादेश के मौजूदा हालात और वहां हिंदुओं पर हो रहे हमलों के बीच पश्चिम बंगाल भाजपा ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर कड़ा प्रहार करते हुए आरोप लगाया है कि सीएए का विरोध करना बंगाली हिंदुओं के हितों के खिलाफ है.
भाजपा ने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा कि मुख्यमंत्री उन करोड़ों परिवारों के जख्मों पर नमक छिड़क रही हैं, जिन्होंने धार्मिक उत्पीड़न, विस्थापन और अमानवीय अत्याचार झेले हैं.
भाजपा के अनुसार, 1964 से 2013 के बीच करीब 1.13 करोड़ हिंदुओं को बांग्लादेश छोड़ना पड़ा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हीं पीड़ित परिवारों को राहत देने के लिए सीएए पेश किया, लेकिन ममता बनर्जी वोट बैंक की राजनीति के लिए इसका विरोध कर रही हैं.
भाजपा ने यह भी आरोप लगाया कि एक तरफ मुख्यमंत्री शरणार्थी हिंदुओं का विरोध कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर वे अवैध बांग्लादेशी मुस्लिमों और रोहिंग्याओं को संरक्षण देने के लिए तैयार हैं.
दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने भाजपा के इन आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सीएए को एक "राजनीतिक खिलौना" करार दिया है. टीएमसी ने पलटवार करते हुए कहा कि इस कानून का असल मकसद कभी नागरिकता देना था ही नहीं, बल्कि यह लोगों की भावनाओं के साथ खेलने का एक जरिया मात्र है.
सत्तारूढ़ दल ने भाजपा को चुनौती दी है कि वह सार्वजनिक करे कि अब तक सीएए के तहत कितने लोगों को वास्तव में नागरिकता दी गई है.
टीएमसी का आरोप है कि 2019 से ही भाजपा ने नागरिकता के वादे को एक हथियार की तरह इस्तेमाल किया है और 2024 के चुनाव से ठीक पहले जानबूझकर इसके नियम लागू किए ताकि राजनीतिक लाभ लिया जा सके.
साल 2019 में पारित इस कानून के जरिए अफगानिस्तान, बांग्लादेश और पाकिस्तान से 31 दिसंबर 2014 से पहले आए अल्पसंख्यक समुदायों को नागरिकता देने का प्रावधान है, लेकिन आंकड़ों के अभाव और राजनीतिक बयानबाजी ने इस मुद्दे को बंगाल की राजनीति के केंद्र में बनाए रखा है.