गुरू, 19 नव. 2026

CGKhabar

2100 तक दुनिया के 80 फीसदी ग्लेशियर गायब हो सकते हैं

C

CG Khabar

25 दिस. 2025, 01:22 AM 3 मिनट में पढ़ें 22

पिघलते ग्लेशियर
पिघलते ग्लेशियर

ज्यूरिख । डेस्क: ग्लोबल वॉर्मिंग की चपेट में धरती तेजी से बर्फहीन होती जा रही है. पिछले दो दशकों में कम से कम 4,000 ग्लेशियर हमेशा के लिए गायब हो चुके हैं. वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगर कार्बन उत्सर्जन को नियंत्रित भी रखा जाए, तो भी ग्लेशियरों का पिघलना रुकेगा नहीं. बल्कि, आने वाले वर्षों में यह और तेज होगा. 


स्विट्जरलैंड के ईटीएच ज्यूरिख यूनिवर्सिटी के शोधकर्ता लैंडर वॉन ट्रिच और उनकी टीम ने हाल ही में एक अध्ययन किया है, जिसमें जलवायु मॉडल्स के जरिए दुनिया भर के 2 लाख से ज्यादा ग्लेशियरों की भविष्यवाणी की गई है.

विज्ञापन


शोध के मुताबिक, हर साल औसतन 1,000 ग्लेशियर पिघलकर पानी बन रहे हैं. अगले 15 सालों में यह संख्या तीन गुना बढ़ सकती है. यानी, 2040 तक हर साल 3,000 ग्लेशियर गायब हो सकते हैं. अगर चालू सदी में तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस बढ़ा, तो 2100 तक 79 फीसदी ग्लेशियर खत्म हो जाएंगे. भले ही तापमान को 2 डिग्री के अंदर रोका जाए, तब भी 63 फीसदी ग्लेशियर बच नहीं पाएंगे. 


अगर तापमान 4 डिग्री तक पहुंचा, तो 91 फीसदी ग्लेशियर गायब हो जाएंगे. यहां तक कि 1.5 डिग्री वाले परिदृश्य में भी 55 फीसदी ग्लेशियर सदी के अंत तक लुप्त हो जाएंगे.


शोधकर्ता डेविड राउंस, जो कार्नेगी मेलन यूनिवर्सिटी से जुड़े हैं, कहते हैं, "कई ग्लेशियर हम खो देंगे, लेकिन कुछ को बचाने का मौका अभी भी है." वॉन ट्रिच बताते हैं कि बड़े ग्लेशियरों को पिघलने में ज्यादा समय लगता है, इसलिए वे देर से प्रभावित होंगे. लेकिन पश्चिमी कनाडा, अमेरिका के पहाड़ी इलाके और आल्प्स की ज्यादातर चोटियां ग्लेशियर-रहित हो सकती हैं.


यह संकट सिर्फ बर्फ का नहीं, बल्कि पूरी दुनिया का है. ग्लेशियर पिघलने से समुद्र का जलस्तर इस सदी में 25 सेंटीमीटर तक बढ़ सकता है. नदियों और झीलों पर निर्भर इलाकों में पानी की कमी हो जाएगी, खेती प्रभावित होगी. 


साथ ही, ग्लेशियर झीलों से अचानक पानी बहने से बाढ़ का खतरा बढ़ेगा. 2023 में सिक्किम में दक्षिण लोनाक ग्लेशियर की झील फटने से 55 लोगों की जान गई थी. दक्षिण अमेरिका के वेनेजुएला में आखिरी बचा ग्लेशियर भी खतरे में है.


संयुक्त राष्ट्र ने 2025 को 'अंतरराष्ट्रीय ग्लेशियर संरक्षण वर्ष' घोषित किया है, जो समस्या की गंभीरता दिखाता है. 2015 के पेरिस समझौते में तापमान को 1.5-2 डिग्री में सीमित रखने का लक्ष्य था, लेकिन एक दशक बाद भी हम उसी रास्ते पर हैं. वैज्ञानिक चेतावनी दे रहे हैं कि कार्बन उत्सर्जन रोकने के प्रयास तेज करने होंगे, वरना धरती बर्फहीन हो जाएगी. (Symbolic Photo)

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP