छत्तीसगढ़ से अगवा कारोबारी 12 घंटे में यूपी से बरामद
रायपुर । संवाददाता: रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र से शुक्रवार को अपहृत हुए व्यक्ति प्रतीक राय को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से सुरक्षित बरामद कर लिया है. अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी की मदद से रायपुर और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अपहरण में इस्तेमाल की गई काली स्कॉर्पियो को अहरौरा क्षेत्र में घेरकर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है.
घटनाक्रम के अनुसार, 2 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे रावाभाठा स्थित डीएम टावर निवासी अनिता राय ने खमतराई पुलिस को शिकायत दर्ज कराई कि उनके पति प्रतीक राय घर नहीं लौटे हैं और उनका मोबाइल फोन लगातार बंद आ रहा है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के निर्देशों पर जांच शुरू की गई.
डिप्टी कमिश्नर दीपमाला कश्यप और एसीपी पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में जब आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया, तो पता चला कि दोपहर करीब 2:28 बजे उत्तर प्रदेश के नंबर वाली एक काली स्कॉर्पियो में सवार तीन अज्ञात युवकों ने प्रतीक को जबरन गाड़ी में बिठाया और ले गए.
इसके बाद खमतराई थाना प्रभारी जितेंद्र जायसवाल और उनकी टीम ने तकनीकी निगरानी, मोबाइल लोकेशन तथा टोल प्लाजा डाटा के जरिए गाड़ी का पीछा करना शुरू किया.
वाहन की लोकेशन उत्तर प्रदेश की ओर मिलने पर रायपुर पुलिस ने मिर्जापुर के अहरौरा थाना पुलिस सहित चोपन और रॉबर्ट्सगंज पुलिस को अलर्ट किया.
रास्ते में पड़ने वाले सभी संभावित मार्गों और जांच चौकियों पर घेराबंदी की गई. पल-पल की लोकेशन शेयर करने के चलते यूपी पुलिस ने अहरौरा में घेराबंदी कर स्कॉर्पियो को रोक लिया और उसमें सवार तीनों युवकों को धर दबोचा.
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि गाड़ी और पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया था. पकड़े गए आरोपियों में बाराबंकी निवासी अभय सिंह (28), उत्तर प्रदेश निवासी बृहस्पति देव सिंह (27) और आदर्श सिंह (24) शामिल हैं. रायपुर पुलिस की एक टीम आरोपियों को वापस छत्तीसगढ़ लाने के लिए उत्तर प्रदेश रवाना हो चुकी है.