शनि, 14 नव. 2026

CGKhabar

DU के पास इमारत ढही, 6 छात्रों की मौत, 40-50 के दबे होने की आशंका

C

CG Khabar

06 सित. 2026, 03:49 PM 3 मिनट में पढ़ें 18

इमारत ढही- दिल्ली
इमारत ढही- दिल्ली

नई दिल्ली । डेस्क: दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) के साउथ कैंपस के पास स्थित सत्या निकेतन इलाके में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया. यहां लड़कों के हॉस्टल के रूप में इस्तेमाल की जा रही एक लगभग 50 साल पुरानी पांच मंजिला इमारत अचानक ढह गई. इस हादसे में 6 छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग मलबे के नीचे दब गए. 


राहत और बचाव कार्य के दौरान अब तक आठ लोगों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है, जिनमें से एक को अस्पताल में मृत घोषित किया गया और दूसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. पांच घायलों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है.

विज्ञापन


यह हादसा दोपहर करीब 1.30 बजे हुआ. स्थानीय निवासियों के अनुसार, 'हॉस्टल डेज' नाम से मशहूर इस इमारत के बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था. पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण बेसमेंट में पानी भर गया था, जिससे कमजोर नींव और ज्यादा ढीली पड़ गई और पूरी इमारत ताश के पत्तों की तरह ढह गई. 


संकरी गलियां होने के कारण शुरुआत में दमकल और राहत टीमों को मौके पर पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी.


घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, एनडीआरएफ (NDRF), दिल्ली फायर सर्विस और डीडीएमए की टीमें एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर बचाव अभियान शुरू किया. स्थानीय लोग भी राहत कार्य में जुट गए और नंगे हाथों से मलबा हटाने की कोशिश करने लगे. संकरे रास्तों में एम्बुलेंस और राहत वाहनों की आवाजाही सुचारू रखने के लिए इलाके में अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है.


स्थानीय निवासियों का कहना है कि इमारत में करीब 15 कमरे थे, जिनमें दिल्ली यूनिवर्सिटी के मोतीलाल नेहरू कॉलेज, एआरएसडी और वेंकटेश्वर कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र रहते थे. वीकेंड होने के कारण कई छात्र अपने घर गए हुए थे, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया, हालांकि अब भी 40 से 50 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है.


हादसे की खबर मिलते ही दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार और सांसद बांसुरी स्वराज ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया. 


केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और मुख्यमंत्री तथा पुलिस प्रशासन से बात कर घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता देने के निर्देश दिए हैं. पुलिस ने इमारत के गुरुग्राम निवासी मालिक के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और उसकी तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
विनय मोहन क्वात्रा- अमेरिका में भारत के राजदूत
देश-विदेश

अपने पूर्वाग्रहों पर आत्ममंथन करे अमेरिकी आयोग, भारत की दो टूक

4 घंटे पहले

कोर्ट का फैसला
देश-विदेश

ब्रिटेन: बच्चियों को ऑनलाइन जाल में फंसाकर शोषण, भारतीय छात्र को 30 साल की जेल

7 घंटे पहले

एपेक शिखर सम्मेलन: परमाणु कटौती और AI नियंत्रण पर एक साथ बैठेंगे ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन
देश-विदेश

एपेक शिखर सम्मेलन: परमाणु कटौती और AI नियंत्रण पर एक साथ बैठेंगे ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन

7 घंटे पहले

असम सड़क हादसा- 23 मृत, 20 घायल
देश-विदेश

असम के काजीरंगा में भीषण सड़क हादसा, मिनीबस और ट्रक की सीधी टक्कर में 23 की मौत, 20 घायल

22 घंटे पहले

जयराम रमेश- कांग्रेस महासचिव
देश-विदेश

अदाणी सतारा प्रोजेक्ट की लागत 99 फीसदी घटाने की रिपोर्ट पर कांग्रेस ने मोदी सरकार को घेरा

एक दिन पहले

UAE Fujairah Road Accident
देश-विदेश

UAE: 23 गाड़ियों की भीषण टक्कर और आग में 14 लोगों की मौत, भारतीयों समेत 30 घायल

एक दिन पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP