BRICS FMCBG की बैठक: एकतरफा टैरिफ WTO के नियमों के खिलाफ है
नई दिल्ली । डेस्क: ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका समेत BRICS देशों के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों (FMCBG) की बैठक के बाद एक साझा बयान जारी किया गया है. इसमें एकतरफा टैरिफ, लोकल करेंसी में व्यापार और नए विकास मंच जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई.
व्यापार को नुकसान पहुंचाते एकतरफा टैरिफ पर जताई गंभीर चिंता
BRICS देशों के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक प्रमुखों ने दुनिया भर में लगाए जा रहे एकतरफा टैरिफ और गैर-टैरिफ उपायों पर गहरा ऐतराज जताया है. साझा बयान में कहा गया कि इस तरह के एकतरफा वित्तीय और व्यापारिक कदम विश्व व्यापार संगठन के नियमों के खिलाफ हैं और इनसे अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रभावित हो रहा है. इसका सबसे बड़ा नुकसान उभरती अर्थव्यवस्थाओं और विकासशील देशों को उठाना पड़ रहा है. यद्यपि इस बयान में किसी देश का नाम नहीं लिया गया है, लेकिन अमेरिका द्वारा हाल के दिनों में अपने व्यापारिक साझेदारों पर लगातार लगाए जा रहे भारी टैरिफ को इस चिंता की मुख्य वजह माना जा रहा है. BRICS सदस्यों ने WTO पर आधारित एक पारदर्शी, नियम-आधारित और निष्पक्ष वैश्विक व्यापार प्रणाली का समर्थन दोहराया.
स्थानीय मुद्राओं में भुगतान प्रणाली को बढ़ावा देने पर सहमति
बैठक के दौरान सदस्य देशों के बीच लोकल करेंसी में क्रॉस-बॉर्डर पेमेंट (सीमा पार लेन-देन) को सुगम बनाने पर विशेष चर्चा हुई. BRICS पेमेंट टास्क फोर्स (BPTF) द्वारा इस दिशा में की गई प्रगति की सराहना की गई. साझा बयान में कहा गया कि स्थानीय मुद्राओं में व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए एक व्यावहारिक और सुरक्षित डिजिटल पेमेंट व मैसेजिंग चैनल तैयार किया जा रहा है. हालांकि, मंत्रियों ने यह स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया में हर देश की अपनी प्राथमिकताओं का सम्मान किया जाएगा और किसी भी 'एक-समान नियम' को सभी पर जबरन लागू नहीं किया जाएगा. लक्ष्य यह है कि BRICS देशों के बीच लेन-देन तेज, कम खर्चीला और सुरक्षित बने.
भारत की अध्यक्षता में 'ग्रोथ एंड डेवलपमेंट टास्क फोर्स' का गठन
भारत ने अपनी BRICS अध्यक्षता का उपयोग करते हुए 'टास्क फोर्स ऑन ग्रोथ एंड डेवलपमेंट' की स्थापना की है. यह नया प्लेटफॉर्म BRICS और अन्य विकासशील देशों के सामने आने वाली आर्थिक चुनौतियों से निपटने और साझा विकास मॉडल तैयार करने का काम करेगा. इस टास्क फोर्स को दो प्रमुख कार्यसमूहों में बांटा गया है-पहला समूह 'लचीलापन, नवाचार और सहयोग' पर केंद्रित है, जबकि दूसरा 'सतत विकास' के मुद्दों पर काम करेगा. संयुक्त वक्तव्य में इस पहल का स्वागत करते हुए कहा गया कि इससे सदस्य देशों को अपनी राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुसार विकास की नीतियां बनाने में मदद मिलेगी.
वैश्विक वित्तीय सुधारों और तकनीक पर व्यापक मंथन
बैठक के दौरान केवल व्यापार ही नहीं, बल्कि वैश्विक वित्तीय ढांचे में सुधार पर भी गहन विचार-विमर्श हुआ. BRICS देशों ने वर्ल्ड बैंक और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष जैसी बहुपक्षीय संस्थाओं में सुधार की मांग उठाई ताकि विकासशील देशों को अधिक प्रतिनिधित्व मिल सके. इसके अतिरिक्त, सदस्य देशों के बीच टैक्स और सीमा शुल्क सहयोग, केंद्रीय बैंकों की क्षमता निर्माण, वित्तीय क्षेत्र में साइबर सुरक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा क्वांटम कंप्यूटिंग के इस्तेमाल जैसे आधुनिक विषयों पर भी व्यापक सहमति बनी.