बिहार में महिला को गोली मारने पर बंधुआ मजदूरी का भंडाफोड़
पटना । डेस्क: बिहार के सहरसा जिले में 'कहार ब्लॉक' के 'धमसाईनी' गाँव स्थित 'स्टार मार्क' ईंट भट्ठे में असम के धुबरी जिले से आए 47 श्रमिकों को बंधक बनाकर उनसे गुलामी कराई जा रही थी. इस अमानवीय कृत्य का पर्दाफाश तब हुआ जब भट्ठा संचालकों और अपराधियों की बात न मानने पर एक महिला श्रमिक को गोली मार दी गई. घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी और ईंट भट्ठा मालिक मोहम्मद वैस कार्नी उर्फ चुन्ना मुखिया समेत उसके सहयोगी अमित कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
धुबरी वापस लौटे श्रमिकों ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वहां का मंजर किसी नरक से कम नहीं था. श्रमिकों के अनुसार, उन्हें बिना किसी वेतन के सुबह तड़के से लेकर देर रात तक काम करने पर मजबूर किया जाता था.
विरोध करने या काम धीमा होने पर उन्हें न केवल गालियां दी जाती थीं, बल्कि बुरी तरह पीटा भी जाता था.
पीड़ित रेफाज अली ने बताया कि उनकी पत्नी ने जब भट्ठा संचालकों और स्थानीय अपराधियों की नाजायज मांगों का विरोध किया, तो उन्होंने बेरहमी से उनके पैर में गोली मार दी.
इतना ही नहीं, श्रमिकों ने यह भी आरोप लगाया कि नशे की हालत में अपराधी अक्सर भट्ठे पर आते थे और महिला व नाबालिग श्रमिकों का यौन उत्पीड़न करते थे. एक अन्य श्रमिक ने बताया कि एक नाबालिग लड़की ने जब नाचने से इनकार किया, तो उसे प्रताड़ित करने के लिए उसके शरीर को सिगरेट से दागा गया.
प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई करते हुए स्थानीय डीएसपी ओम प्रकाश ने पुष्टि की है कि पीड़ित महिला के पति की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. बरामद किए गए 47 श्रमिकों में कई महिलाएं और बच्चे शामिल हैं, जिन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच बसों से असम के धुबरी पहुँचाया गया है.
वर्तमान में सात नाबालिग लड़कियां सहरसा के एक सरकारी बाल गृह में हैं, जिनके बयान इस पूरे मामले की जांच और आरोपियों को सजा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.
सहरसा के जिला श्रम अधिकारी रवींद्र कुमार शर्मा ने बताया कि धुबरी के रहने वाले ये 14 परिवार करीब 5-6 महीने पहले रोजगार की तलाश में बिहार आए थे, लेकिन यहां आकर वे संगठित अपराध और बंधुआ मजदूरी के जाल में फंस गए. फिलहाल पुलिस इस पूरे सिंडिकेट की जांच कर रही है ताकि अन्य संलिप्त अपराधियों को भी पकड़ा जा सके.