चेक बाउंस मामला: राजपाल यादव ने तिहाड़ जेल में किया सरेंडर
नई दिल्ली । डेस्क: मशहूर बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव ने चेक बाउंस होने के एक पुराने मामले में गुरुवार को दिल्ली की तिहाड़ जेल अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है. दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा सरेंडर की समयसीमा बढ़ाने से इनकार किए जाने के बाद अभिनेता शाम करीब 4 बजे जेल पहुंचे.
यह मामला साल 2018 का है, जब 'मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड' की शिकायत पर एक मजिस्ट्रेट अदालत ने राजपाल यादव और उनकी पत्नी को दोषी ठहराते हुए अभिनेता को छह महीने की कैद की सजा सुनाई थी. हालांकि, यादव ने इस फैसले को चुनौती दी थी, लेकिन हाल ही में जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने उनकी याचिका खारिज कर दी.
सुनवाई के दौरान राजपाल यादव के वकील ने कोर्ट को बताया कि अभिनेता ने 50 लाख रुपये का इंतजाम कर लिया है और भुगतान के लिए एक हफ्ते का अतिरिक्त समय मांगा. लेकिन अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि किसी विशेष पृष्ठभूमि या फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े होने के आधार पर किसी व्यक्ति को बार-बार रियायत नहीं दी जा सकती.
कोर्ट ने टिप्पणी की कि 'नरमी' की भी एक सीमा होती है, खासकर तब जब आदेशों का लगातार उल्लंघन किया जा रहा हो. अब जेल प्रशासन मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत आगे की कार्रवाई करेगा.