कोरबा में पदस्थ आरक्षक नरहरि पटेल का पत्थलगांव में पेड़ से लटका मिला शव
जशपुर । संवाददाता: जशपुर जिले के पत्थलगांव में कोरबा पुलिस अधीक्षक कार्यालय की स्टेनो शाखा में पदस्थ 38 वर्षीय आरक्षक नरहरि पटेल का शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई. ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पत्थलगांव थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.
वर्ष 2013 बैच के पुलिसकर्मी नरहरि पटेल वर्तमान में सिविल लाइन रामपुर में तैनात थे और दादर बस्ती मानिकपुर के निवासी थे. इस दुखद घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन पत्थलगांव के लिए रवाना हो गए हैं, वहीं साथी पुलिसकर्मियों में गहरा शोक व्याप्त है.
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि आरक्षक कोरबा से पत्थलगांव कब और किन परिस्थितियों में पहुंचे तथा उन्होंने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया. अपने सरल और सुलझे स्वभाव के लिए जाने जाने वाले आरक्षक अपने पीछे पत्नी और एक छोटी बेटी को छोड़ गए हैं.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के पहुंचने के बाद वैधानिक कार्रवाई और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर मामले की तफ्तीश में जुटी है.