करोड़ों की ठगी करने वाला 'ब्लैक मनी' गैंग बेनकाब, ₹4 करोड़ के साथ 7 दबोचे गए
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ पुलिस ने रासायनिक रसायनों की मदद से काले व क्षतिग्रस्त कागज़ों को असली नोटों में बदलने और रकम दोगुनी करने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने महाराष्ट्र के खंडाला स्थित एक रिसॉर्ट में छापेमारी कर सात आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.
नागपुर से पहले पकड़ी गई दो महिला सहयोगियों से मिली तकनीकी जानकारी और सुरागों के आधार पर रायपुर पुलिस की टीम ने पुणे के खंडाला में डेरा डालकर इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 करोड़ रुपये से अधिक नकद, 17 मोबाइल फोन, नोटों के आकार में कटे काले कागज़ और केमिकल जांच में इस्तेमाल होने वाली कांच की प्लेटें बरामद की हैं.
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह शातिर सिंडिकेट साल 2005 से सक्रिय था और अब तक छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, गुजरात, राजस्थान और दिल्ली में 100 से अधिक लोगों को अपना शिकार बना चुका है.
आरोपी पहले असली नोटों और रसायनों का इस्तेमाल करके पीड़ितों के सामने केमिकल से नोट चमकाने का फर्जी डेमो देते थे. फिर विश्वास में लेकर केमिकल आयात करने और कागजी प्रक्रियाओं के नाम पर किश्तों में मोटी रकम ऐंठ लेते थे.
इस मामले में तेलीबांधा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में अपराध दर्ज किया है. गिरोह के मुख्य सरगनाओं समेत कुल 9 आरोपियों को हिरासत में लिया जा चुका है, जबकि अन्य सदस्यों की तलाश जारी है.