भाजपा सरकार आंदोलनकारियों से डरी हुई है: भूपेश बघेल
राँची । डेस्क: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र की भाजपा नीत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि सरकार देश में चल रहे विरोध प्रदर्शनों से डरी हुई है. उन्होंने कहा कि "यह डर अच्छा है." बघेल शनिवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दिवंगत माता रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने रामगढ़ जिले के उनके पैतृक गाँव नेमरा पहुंचे थे.
राँची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए बघेल ने दिल्ली में 'सीजेपी' (CJP) के विरोध प्रदर्शन का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि पहले आंदोलनकारी ट्रेन, बस और मेट्रो रोकते थे, लेकिन अब सरकार इतनी सहमी हुई है कि वाहनों को रोकने के लिए खुद ही ट्रेनें-बसें बंद कर रही है और सड़कों पर कीलें बिछा रही है.
सीजेपी नेताओं की हिरासत पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार को अहसास हो चुका है कि यदि प्रदर्शन की अनुमति दी गई तो स्थिति बेकाबू हो जाएगी. उन्होंने दावा किया कि जिस तरह पूर्व में धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा था, उसी तरह इस बार मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को भी इस्तीफा देना पड़ेगा.
इससे पहले भूपेश बघेल ने नेमरा गाँव जाकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक दिवंगत शिबू सोरेन की पत्नी स्व. रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर उन्होंने लिखा कि दुख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं सोरेन परिवार के साथ हैं. उल्लेखनीय है कि 80 वर्षीया रूपी सोरेन का बुधवार शाम राँची के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था.