'1 Cr वोट काटना BJP का टारगेट था', तृणमूल का ECI पर गंभीर आरोप
कोलकाता । डेस्क: तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में विशेष गहन संशोधन (SIR) के बाद जारी हुई मतदाता सूची को लेकर चुनाव आयोग पर सीधा हमला बोला है. रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में एक करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम हटाने का लक्ष्य चुनावी प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही तय कर लिया गया था.
अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि भाजपा नेताओं ने सार्वजनिक रूप से 1.2 करोड़ नाम हटाने की बात कही थी और अब हटाए गए नामों और 'अंडर एडजुडिकेशन' (विचाराधीन) रखे गए मतदाताओं की कुल संख्या लगभग उसी आंकड़े के बराबर पहुंच गई है.
उन्होंने सुवेंदु अधिकारी और सुकांत मजूमदार जैसे भाजपा नेताओं के पुराने बयानों का हवाला देते हुए कहा कि चुनाव आयोग भाजपा के राजनीतिक एजेंडे को लागू कर रहा है क्योंकि भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव जीतने में सक्षम नहीं है.
अभिषेक बनर्जी ने चेतावनी दी कि वास्तविक मतदाताओं के नाम हटाकर भी भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में 50 सीटों का आंकड़ा पार नहीं कर पाएगी.
इस मुद्दे पर कड़ा विरोध जताते हुए उन्होंने घोषणा की कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इन 'मनमानी कटौतियों' के खिलाफ 6 मार्च को धरने पर बैठेंगी.
गौरतलब है कि चुनाव आयोग द्वारा शनिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल नवंबर से शुरू हुए विशेष गहन संशोधन के बाद मतदाता सूची से लगभग 63.66 लाख नाम हटा दिए गए हैं, जिससे कुल मतदाताओं की संख्या 7.66 करोड़ से घटकर 7.04 करोड़ रह गई है.
इसके अलावा, लगभग 60.06 लाख मतदाताओं को कानूनी जांच के दायरे में रखा गया है. टीएमसी नेता का तर्क है कि यह पूरी कवायद विपक्षी दलों को कमजोर करने और चुनाव परिणामों को प्रभावित करने की एक सोची-समझी साजिश है.