बिलासपुर में बर्ड फ्लू: सरकारी फॉर्म में 22 हजार से अधिक मुर्गियां मारी गईं
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लुएंजा) का प्रकोप सामने आने के बाद प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं. अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि कोनी क्षेत्र स्थित एक सरकारी पोल्ट्री फार्म में संक्रमण फैलने के बाद 22,808 मुर्गियों को मार दिया गया है. इसके अलावा संक्रमण रोकने के उपायों के तहत 25,896 अंडे और लगभग 79 क्विंटल पोल्ट्री फीड को वैज्ञानिक तरीके से नष्ट कर दिया गया है.
दरअसल, 19 से 24 मार्च के बीच इस सरकारी फार्म में करीब 4,400 मुर्गियों की मौत हुई थी, जिसके बाद बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई. पशुपालन विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वेटनरी सर्विसेज के संयुक्त निदेशक की देखरेख में रैपिड रिस्पांस टीम का गठन किया.
बुधवार शाम तक संक्रमित क्षेत्र में मुर्गियों और अंडों को नष्ट करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई और क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है.
बिलासपुर पशु चिकित्सा विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. जीएसएस तंवर ने बताया कि जिले भर में अलर्ट जारी कर पोल्ट्री फार्म संचालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
जिला प्रशासन ने प्रभावित फार्म के एक किलोमीटर के दायरे को 'संक्रमित क्षेत्र' और 10 किलोमीटर के दायरे को 'निगरानी क्षेत्र' घोषित किया है. पोल्ट्री फार्म के कर्मचारियों के स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है और लक्षण दिखने पर एंटीवायरल दवाएं दी जाएंगी.
प्रशासन ने कलेक्ट्रेट में 24 घंटे काम करने वाला बर्ड फ्लू कंट्रोल रूम स्थापित किया है और लोगों से किसी भी संदिग्ध मामले या मृत पक्षियों की सूचना यहां देने की अपील की है.
जिला मजिस्ट्रेट ने जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने और अधिकारियों का सहयोग करने को कहा है. राहत की बात यह है कि जिले में अभी तक इंसानों में संक्रमण का कोई भी मामला सामने नहीं आया है.