बिलासपुर: जन्माष्टमी का मटका बांधते समय हाईवोल्टेज तार की चपेट में आये युवक की मौत
बिलासपुर । संवाददाता: बिलासपुर के राजीव गांधी चौक पर जन्माष्टमी उत्सव के दौरान हुआ एक दर्दनाक हादसा एक युवक की जान ले गया. ओमनगर जरहाभाठा के रहने वाले रेहान खान शुक्रवार दोपहर पेट्रोल पंप के पास बने लोहे के स्वागत गेट पर सीढ़ी लगाकर जन्माष्टमी का मटका बांध रहे थे. इसी दौरान गेट के ठीक ऊपर से गुज़र रही 11 केवी हाईवोल्टेज बिजली लाइन से उनका शरीर छू गया.
करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गए, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें किसी तरह नीचे उतारकर तत्काल सिम्स अस्पताल पहुँचाया. अस्पताल में डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. युवक की मौत के बाद से ही परिवार में मातम पसरा हुआ है और इस घटना ने सार्वजनिक आयोजनों के समय बनने वाली अस्थायी संरचनाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
इस भयावह हादसे के बाद छत्तीसगढ़ राज्य बिजली कंपनी (सीएसईबी) और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की कार्यशैली पर प्रशासनिक व स्थानीय स्तर पर तीखे सवाल उठने लगे हैं.
राजीव गांधी चौक पर लगे लोहे के स्वागत गेट के ठीक ऊपर से 11 केवी की मुख्य बिजली लाइन गुज़र रही थी, जिससे बारिश या तेज हवा के दौरान बड़ा हादसा होने का खतरा लगातार बना हुआ था. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि बिजली का तार किसी भी तरह गेट से छू जाता, तो वहां मौजूद कई अन्य लोग भी इसकी चपेट में आ सकते थे.
मामले में अपनी सफाई देते हुए सीएसईबी के अधीक्षण अभियंता (एसई) ईएल सिदार ने स्पष्ट किया कि 11 केवी की बिजली लाइन वहां पहले से स्थापित थी और पीडब्ल्यूडी द्वारा स्वागत गेट बाद में बनाया गया. उन्होंने कहा कि गेट निर्माण से पूर्व संबंधित विभाग ने बिजली कार्यालय से न तो कोई अनुमति ली थी और न ही इसकी सूचना दी थी.
घटना की गंभीरता को देखते हुए सीएसईबी ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं. एसई ईएल सिदार ने कार्यपालन अभियंता (ईई) भरतभूषण को पूरे घटनाक्रम की जांच सौंपते हुए रिपोर्ट के आधार पर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है.
इसके साथ ही बिजली विभाग ने दावा किया है कि क्षेत्र में जहां कहीं भी बिजली के तार झूलती हुई या खतरनाक स्थिति में पाए जाएंगे, उन्हें चिन्हित कर तुरंत दुरुस्त किया जाएगा ताकि भविष्य में इस प्रकार के हादसों की पुनरावृत्ति न हो.