बिलासपुर: डिप्रेशन से जूझ रहे कोरबा के युवा ट्रांसपोर्टर ने सुसाइड किया
बिलासपुर । संवाददाता: बिलासपुर के पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब शारदा लॉज के एक कमरे में कोरबा निवासी युवा ट्रांसपोर्टर का शव फंदे पर लटकता मिला. मृतक की पहचान दीपका (कोरबा) के रहने वाले 25 वर्षीय प्रतीक जायसवाल के रूप में हुई है.
पुलिस को मौके से एक भावुक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें प्रतीक ने पिछले कई महीनों से गहरे तनाव और डिप्रेशन से जूझने की बात स्वीकार करते हुए अपने माता-पिता से माफी मांगी है. फिलहाल सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों से पूछताछ कर रही है.
दरअसल, प्रतीक अपनी बीमार दादी का इलाज कराने के लिए बिलासपुर आया हुआ था, जो यहां के अपोलो अस्पताल में भर्ती हैं. रविवार को उसका छोटा भाई प्रदीप भी देखभाल में मदद के लिए बिलासपुर पहुंचा था.
पिछले 3-4 दिनों से लगातार अस्पताल में रहने के बाद प्रतीक ने अपने छोटे भाई को घर लौटने के लिए ऑटो में बैठा दिया, लेकिन खुद घर जाने के बजाय पुराना बस स्टैंड स्थित शारदा लॉज पहुंचकर रुक गया.
सोमवार सुबह जब प्रदीप घर नहीं पहुंचा और प्रतीक का भी कोई सुराग नहीं मिला, तो चिंतित परिजनों ने खोजबीन शुरू की. ऑनलाइन पेमेंट ट्रांजेक्शन की मदद से परिजनों को प्रतीक के शारदा लॉज में ठहरने की जानकारी मिली.
परिजन तुरंत लॉज पहुंचे और अंदर से कमरा बंद मिलने पर स्थानीय पुलिस को सूचित किया. पुलिस की मौजूदगी में जब दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर प्रतीक का शव फंदे पर लटक रहा था.
पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना स्थल से मिली चिठी के आधार पर पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से छानबीन कर रही है.