बिलासपुर: घर में घुसकर तलवारबाजी, बुजुर्ग महिला की हत्या और 8 घायल
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत पेंडरवा में बुधवार की शाम रंजिश की आग ने एक परिवार को लहूलुहान कर दिया. पुरानी अदावत के चलते हमलावरों ने एक घर में घुसकर धारदार हथियारों से तांडव मचाया, जिसमें 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला मुराद बी की निर्मम हत्या कर दी गई.
इस आत्मघाती हमले में महिलाओं और बच्चों समेत कुल 8 लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना के पीछे वैवाहिक विवाद और पुरानी रंजिश को मुख्य कारण माना जा रहा है. पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी सुरेश श्रीवास अपनी पूर्व पत्नी और पीड़ित परिवार के शेख सलीम के बीच कथित संबंधों को लेकर नाराज था.
इसी बात का बदला लेने के लिए उसने अपने बेटों के साथ मिलकर तलवार और चाकुओं से लैस होकर धावा बोल दिया. चीख-पुकार के बीच आरोपियों ने मासूमों तक को नहीं बख्शा, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं. परिजनों का कहना है कि वारदात से एक दिन पहले भी विवाद हुआ था, जिसकी शिकायत थाने में की गई थी.
आरोप है कि यदि पुलिस समय रहते सक्रिय होती, तो इस जघन्य हत्याकांड को रोका जा सकता था.
वर्तमान में एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मुख्य आरोपी सुरेश और उसके दो बेटों को हिरासत में ले लिया गया है. गांव में व्याप्त तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और मामले की विस्तृत विवेचना जारी है.