बुध, 18 नव. 2026

CGKhabar

बिलासपुर के तिफरा इंडस्ट्रियल एरिया में केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग

C

CG Khabar

16 फ़र. 2026, 01:37 PM 2 मिनट में पढ़ें 13

बिलासपुर तिफरा में आग
बिलासपुर तिफरा में आग

बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना अंतर्गत तिफरा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां स्थित आर्नव इंडस्ट्रीज में अचानक भीषण आग लग गई. दोपहर करीब 12:45 बजे लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान में धुएं का काला गुबार कई किलोमीटर दूर से ही नजर आने लगा. 


बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में पेंट, टाइल्स और पुट्टी का भारी स्टॉक जमा था, जिसमें मौजूद ज्वलनशील केमिकल्स की वजह से लपटें तेजी से फैल गईं. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और सुरक्षा के लिहाज से आसपास की अन्य औद्योगिक इकाइयों को भी फौरन अलर्ट कर दिया गया.

विज्ञापन


हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया. दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. 


गनीमत रही कि इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी कर्मचारी सुरक्षित बताए जा रहे हैं. वर्तमान में पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है. हालांकि, आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है, जिसकी जांच जारी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP