बिलासपुर: आकाशीय बिजली का कहर- खेतों में काम कर रहे 3 किसानों की मौत
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में कुदरत के कहर ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं. बुधवार शाम कोटा थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए गाज (आकाशीय बिजली) गिरने के हादसों में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. मरने वाले सभी लोग खेतों में कृषि कार्य में जुटे हुए थे.
एसडीओपी नूपुर उपाध्याय से मिली जानकारी के मुताबिक, पहली घटना लखोटाणा गांव के खेतों में हुई. यहां लखोटाणा निवासी मन्ना यादव (41 वर्ष) और बेलगहना के नवाडीह निवासी उनके रिश्तेदार कुंजराम यादव (45 वर्ष) एक साथ खेत में काम कर रहे थे. शाम करीब 6 बजे अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई.
इसी दौरान दोनों आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए. आसपास के लोग तुरंत उन्हें नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया.
दूसरी हृदयविदारक घटना मानपुर गांव में सामने आई. यहां 45 वर्षीय किसान जगेश्वर जगत अपने खेत की मेढ़ दुरुस्त करने गए थे. अचानक शुरू हुई तेज बारिश से बचने के लिए उन्होंने पास ही स्थित एक पेड़ के नीचे शरण ले ली.
बदकिस्मती से बिजली उसी पेड़ पर आ गिरी, जिससे जगेश्वर गंभीर रूप से झुलस गए. उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
पुलिस ने दोनों हादसों में मर्ग कायम कर लिया है. पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शवों को परिजनों को सौंपा जा रहा है. एक ही दिन में तीन मौतों से पूरे कोटा क्षेत्र में मातम छाया हुआ है. मौसम विभाग और कृषि विशेषज्ञों ने भी किसानों को बारिश के दौरान खुले खेतों या पेड़ों के नीचे आश्रय न लेने की सलाह दी है.