बीजापुर: स्कूल निर्माण रोकने के लिए नक्सलियों के नाम से दी धमकी, दो गिरफ्तार
बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा हटाने से नाराज एक व्यक्ति ने गांव के पंचायत प्रतिनिधियों को डराने के लिए अनोखी साजिश रच डाली. आरोपी ने स्कूल निर्माण को रुकवाने के लिए नक्सलियों के नाम पर धमकी भरे पैम्फलेट जारी कर दिए. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है.
मामला आवापल्ली थाना क्षेत्र के मुर्दंडा गांव का है, जहां 7 अक्टूबर को सड़क किनारे नक्सलियों के नाम वाले पैम्फलेट मिले थे. इन पैम्फलेटों में मुर्दंडा गांव के सरपंच को संबोधित करते हुए स्कूल की इमारत का निर्माण न कराने की चेतावनी दी गई थी और ऐसा करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई थी.
सरपंच ने इस बात की सूचना तुरंत पुलिस को दी और पैम्फलेट सौंप दिए, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमन कुमार झा के अनुसार, मामले की जांच में पता चला कि मुर्दंडा-बायेगुडा निवासी संदीप मड़काम पिछले पांच वर्षों से स्कूल के लिए चिन्हित सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा जमाए बैठा था. जून 2026 में तहसीलदार द्वारा जमीन का सीमांकन कर अतिक्रमण हटा दिया गया था और स्कूल निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी.
जमीन पर फिर से कब्जा पाने और निर्माण कार्य को बाधित करने के इरादे से संदीप मड़काम ने अपने साथी नागेश बोडके के साथ मिलकर गांव में दहशत फैलाने की योजना बनाई.
दोनों ने नक्सलियों के नाम का फर्जी पैम्फलेट तैयार कर मुर्दंडा से कमरगुडा जाने वाली सड़क पर फेंक दिया था ताकि सरपंच, उपसरपंच और ग्रामीणों में खौफ पैदा किया जा सके.
पुलिस ने सबूतों और पूछताछ के आधार पर संदीप मड़काम और नागेश बोडके को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और छत्तीसगढ़ जन सुरक्षा अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है. पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या संदिग्ध पैम्फलेट पर ध्यान न दें और तुरंत पुलिस को सूचित करें.