बीजापुर: छात्रा से छेड़छाड़ का आरोपी शिक्षक राजस्थान से गिरफ्तार
बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में 14 वर्षीय छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न के आरोपी शिक्षक को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी शिक्षक देवेंद्र कुमार दहिया (34) को ट्रांजिट रिमांड पर बीजापुर लाया गया है.
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने अपनी मां के साथ 12 सितंबर को बीजापुर पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया कि कंप्यूटर शिक्षक देवेंद्र कुमार दहिया ने 7 अक्टूबर 2025 को छात्रा के साथ अनुचित व्यवहार किया और इसके बाद भी कई मौकों पर बदसलूकी करने का प्रयास किया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया. बीजापुर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशों पर आरोपी की तलाश के लिए विशेष जांच टीम का गठन किया गया था.
तकनीकी सर्विलांस और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस की टीमों ने राजस्थान के झालावाड़ में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया. इस पूरे मामले पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बीजापुर के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे.