बीजापुर में तेलंगाना के रेत ठेकेदारों ने तस्करी के लिए नदी में बनाया अवैध पुल
बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों की मुस्तैदी से जैसे-जैसे नक्सली बैकफुट पर आ रहे हैं, वैसे-वैसे वहां संसाधनों को लूटने वाला 'सफेदपोश माफिया' सक्रिय होने लगा है. ताजा मामला भोपालपटनम ब्लॉक का है, जहाँ इंद्रावती नदी के सीने को चीरकर रेत माफिया ने अपना साम्राज्य खड़ा कर लिया है.
खबर है कि नक्सलियों के कम होते प्रभाव का फायदा उठाकर अब तेलंगाना के रेत तस्करों ने इस क्षेत्र में पैठ बना ली है. इन तस्करों ने शासन-प्रशासन को ठेंगा दिखाते हुए अटटूकपल्ली पंचायत के कोंडामौसम गांव में नदी के बीचों-बीच करीब 200 मीटर लंबी अवैध सड़क का निर्माण कर दिया है.
यह मामला केवल नियमों के उल्लंघन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें पंचायत प्रतिनिधियों और अंतरराज्यीय ठेकेदारों की गहरी सांठगांठ की बू आ रही है.
तस्करों ने नदी के प्राकृतिक बहाव को पाइप पुलिया लगाकर मोड़ दिया है, ताकि रेत से लदे भारी वाहनों की आवाजाही सुगम हो सके.
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि स्थानीय सरपंच और सचिव ने ग्रामसभा की सहमति लिए बिना ही इस निर्माण को हरी झंडी दे दी. आश्चर्य की बात यह है कि निजी पट्टे की जमीनों पर बिना मालिकों की अनुमति के मुरूम बिछाकर रास्ता तैयार कर लिया गया.
स्थानीय निवासियों के अनुसार, पंचायत सचिव रवि दुर्गम, जो पहले भी वित्तीय अनियमितताओं के घेरे में रहे हैं, की भूमिका इस अवैध निर्माण में संदिग्ध मानी जा रही है.
हालांकि कागजों पर रेत खदान की स्वीकृति अभी प्रक्रियाधीन है, लेकिन धरातल पर तेलंगाना के ठेकेदारों ने पहले ही अवैध उत्खनन और परिवहन का जाल बिछा दिया है.
इस गंभीर लापरवाही और पर्यावरणीय खिलवाड़ पर राजस्व विभाग के अनुविभागीय अधिकारी यशवंत नाग का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में आते ही जांच के निर्देश दिए गए हैं और दोषियों पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. यह घटना दर्शाती है कि बस्तर के शांत होते इलाकों में अब रेत माफिया के रूप में एक नई चुनौती खड़ी हो रही है.