बीजापुर अग्निकांड: छोटे कर्मचारियों पर गिरी गाज तो भड़के स्थानीय लोग
बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर स्थित ईटपाल गोदाम में बीते 25 मई 2026 को भयंकर आग लग गई थी, जिसमें करोड़ों रुपये का तेंदूपत्ता जलकर पूरी तरह स्वाहा हो गया. इस भारी नुकसान के बाद वन विभाग की शुरुआती कार्रवाई पर अब सवाल उठने लगे हैं. विभाग ने मामले में तत्परता दिखाते हुए गोदाम सहायक सुनील बुरका को सस्पेंड कर दिया है, वहीं वनरक्षक कामेश्वर एनका के निलंबन की फाइल इंद्रावती टाइगर रिजर्व के उप निदेशक को भेजी गई है.
इसके अलावा, रेंजर और डिप्टी रेंजर स्तर के प्रभारियों पर भी एक्शन के लिए उच्च स्तर पर सिफारिश की गई है. हालांकि, घटना के तीसरे दिन ही डीएफओ को हटाए जाने के बाद भी अन्य बड़े अफसरों पर अब तक कोई ठोस गाज नहीं गिरी है.
इस एकतरफा दिख रही कार्रवाई को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. हादसे के आठ दिन बीत जाने के बाद भी जांच दल के मौके पर न पहुंचने से लोग विभाग की नीयत पर उंगली उठा रहे हैं. ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि वन विभाग महज छोटे कर्मचारियों को बलि का बकरा बना रहा है, जबकि मुख्य नियंत्रणकर्ता अधिकारियों और रसूखदार गोदाम प्रभारियों को बचाने की ढाल तैयार की जा रही है.
इन तमाम विवादों के बीच, जिला यूनियन बीजापुर ने इस हादसे से प्रभावित होने वाले तेंदूपत्ता संग्राहकों को बड़ी राहत दी है. यूनियन ने स्पष्ट किया है कि इस भीषण आगजनी का असर गरीब संग्राहकों के पारिश्रमिक पर बिल्कुल नहीं पड़ेगा. चालू सीजन 2026 के नियमों के तहत सभी संग्राहकों को 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा की तय दर से ही पूरा भुगतान किया जाएगा.
वर्तमान में संग्रहित तेंदूपत्ते की ऑनलाइन एंट्री का काम तेजी से चल रहा है और यह पारिश्रमिक राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी.
वहीं, विभाग ने इस भारी-भरकम नुकसान की रिकवरी के लिए इंश्योरेंस कंपनी के साथ क्लेम की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है और दावा किया है कि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर आगे की कार्रवाई होगी.