बीजापुर: CAF जवान विजेंद्र ठाकुर की मौत, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया
बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में तैनात छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के जवान विजेंद्र ठाकुर (40) की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. पुलिस इस मामले को आत्महत्या मान रही है, जबकि जवान के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए सूरजपुर जिले में शव सड़क पर रखकर जोरदार प्रदर्शन किया.
बीजापुर पुलिस द्वारा जारी बयान के अनुसार, 6वीं वाहिनी के जवान विजेंद्र ठाकुर, जो फर्सेगढ़ थाना क्षेत्र के सेंड्रा कैंप में पदस्थ थे, ने 30 सितंबर को अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली.
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शुरुआती तफ्तीश के आधार पर फर्सेगढ़ थाने में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
दूसरी ओर, शुक्रवार को जवान का शव उनके गृह ग्राम सूरजपुर जिले के देवनगर पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. परिजनों ने देवनगर मुख्य मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन किया और निष्पक्ष जांच व न्याय की मांग की.
मृतक जवान की पत्नी सरिता ठाकुर ने पुलिस के दावों को खारिज करते हुए कहा कि उनके पति कायर नहीं थे और उन्होंने आत्महत्या नहीं की है.
उन्होंने बताया कि 29 सितंबर की रात को हुई बातचीत में उनके पति बिल्कुल सामान्य थे और बच्चों व परिवार का हालचाल पूछ रहे थे.
परिजनों का कहना है कि विजेंद्र परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे, और अब उनके दो छोटे बच्चों (3 और 6 वर्ष) तथा वृद्ध माता-पिता के सामने जीवन-यापन का संकट खड़ा हो गया है. पुलिस प्रशासन ने मामले में साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया है.