बिहार: SC राशन-वोटर-आधार कार्ड पर विचार करें
नई दिल्ली । डेस्क: सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को बिहार में नवंबर 2025 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन (SIR) पर रोक लगाने से इनकार कर दिया. हालांकि, कोर्ट ने चुनाव आयोग (ECI) से आधार कार्ड, राशन कार्ड और वोटर आईडी को पहचान के वैध प्रमाण के रूप में स्वीकार करने पर विचार करने को कहा है.
जस्टिस सुधांशु धूलिया और जॉयमाल्या बागची की अवकाश पीठ ने ECI के 24 जून के निर्देश को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए कहा कि यदि आयोग इन व्यापक रूप से उपयोग किये जाने वाले दस्तावेजों को स्वीकार नहीं करता, तो उसे इसके कारण बताने होंगे.
पीठ ने कहा, “दस्तावेजों की समीक्षा के बाद, ECI ने बताया कि मतदाता सत्यापन के लिये 11 दस्तावेजों की सूची गैर-अंतिम है. हमारी राय में, आधार कार्ड, वोटर आईडी और राशन कार्ड को शामिल करना उचित होगा. ECI को यह तय करना है कि वह इन दस्तावेजों को स्वीकार करना चाहता है या नहीं. यदि नहीं, तो उसे कारण देना होगा.”
मामले को 28 जुलाई को अगली सुनवाई के लिए स्थगित करते हुये, कोर्ट ने ECI को 21 जुलाई तक जवाब दाखिल करने का समय दिया. याचिकाकर्ता 28 जुलाई तक अपना प्रत्युत्तर दाखिल कर सकते हैं.
कोर्ट ने तीन प्रमुख सवाल उठाये हैं क्या ECI को ऐसी संशोधन प्रक्रिया करने का अधिकार है, क्या इस अधिकार का उपयोग करने की प्रक्रिया कानूनी और निष्पक्ष है और क्या चुनाव की समयसीमा को देखते हुये यह प्रक्रिया उचित है.
जस्टिस धूलिया ने आधार और वोटर आईडी को स्वीकार न करने के तर्क पर सवाल उठाया और कहा, “अगर मुझे जाति प्रमाण पत्र चाहिये, तो मैं आधार कार्ड दिखाकर ले सकता हूं. लेकिन यहां नहीं? यह पूरी प्रक्रिया पहचान के बारे में है.”
SIR के तहत, 2003 की मतदाता सूची में शामिल न होने वाले मतदाताओं को अब नागरिकता का प्रमाण देना होगा.
दिसंबर 2004 के बाद जन्मे व्यक्तियों को अपने माता-पिता के दस्तावेज भी जमा करने होंगे. यदि माता-पिता में से कोई विदेशी नागरिक है, तो आवेदक के जन्म के समय उनका पासपोर्ट और वीजा प्रस्तुत करना होगा.
याचिकाकर्ताओं, जिनमें ADR, PUCL, TMC सांसद महुआ मोइत्रा, RJD सांसद मनोज झा और कार्यकर्ता योगेंद्र यादव शामिल हैं, ने तर्क दिया कि यह निर्देश संविधान के अनुच्छेद 14, 19, 21, 325 और 326 का उल्लंघन करता है, साथ ही यह जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 और मतदाता पंजीकरण नियम, 1960 के नियम 21A के खिलाफ है.