बिहार चुनाव: NDA को बहुमत
बिहार चुनाव: शुरुआती रुझानों में NDA को बहुमत, महागठबंधन पीछे
पटना । डेस्क: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए आज, 14 नवंबर 2025 को चल रही वोटों की गिनती में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है. भाजपा और जद (यू) के नेतृत्व वाला यह गठबंधन एक बार फिर सरकार बनाने के लिए तैयार है.
बिहार चुनावों में एनडीए भारी बढ़त बनाए हुए है और 206 सीटों पर आगे है. जबकि महागठबंधन बहुत पीछे है और महज 30 सीटों पर आगे है.
कांग्रेस और राजद (RJD) को मिलाकर बना महागठबंधन काफी पीछे चल रहा है, जबकि जन सुराज पार्टी अभी तक अपना खाता भी नहीं खोल पाई है.
सुबह देर से शुरुआती रुझान उपलब्ध हुए हैं, जिनके दोपहर तक और स्पष्ट होने की संभावना है. मतगणना की गति के आधार पर, अंतिम सीट-वार परिणाम आमतौर पर शाम तक पुष्टि किए जाएंगे.
चुनाव आयोग के अनुसार, 243 निर्वाचन अधिकारियों (ROs) द्वारा 243 मतगणना पर्यवेक्षकों, उम्मीदवारों या उनके एजेंटों की उपस्थिति में गिनती की जा रही है. ECI के मुताबिक, यह हाल के इतिहास में पहली बार है कि किसी भी मतदान केंद्र पर स्क्रूटनी के बाद कोई विसंगति या कदाचार नहीं पाया गया और किसी भी पुनर्मतदान की सिफारिश नहीं की गई है.
ज्ञानेश कुमार को बधाई
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, "जो रुझान दिखाई दे रहे हैं उसमें एनडीए तीन चौथाई बहुमत की ओर जा रही है. इसके बारे में अमित शाह पहले बोल चुके थे."
भूपेश बघेल ने कहा, "इस पूरे चुनाव में अगर कोई एक व्यक्ति ज़िम्मेदार है तो वो मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार हैं. इसके लिए उन्हें बधाई देता हूं. निर्वाचन आयोग ने जिस तरह काम किया है उससे ये साफ़ है. बिहार चुनाव में ज्ञानेश कुमार की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण थी."
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने कहा, "लोकतंत्र खतरे में है. जो हालात हरियाणा के बाद महाराष्ट्र में बने हैं वही हालात यहां बने हैं... जिस प्रकार से ये धन बल का प्रयोग करते हैं लोग कल्पना नहीं कर सकते हैं... चुनाव आयोग इनका साथ दे रहा है.”
“अगर निष्पक्ष चुनाव नहीं होते हैं तो वो वोट चोरी है. चुनाव चलते हुए 1 करोड़ 35 लाख महिलाओं के खाते में 10 हजार गए. चुनाव आयोग को क्या हो गया है?... राजस्थान में चुनाव की घोषणा के बाद पेंशन मिलना बंद हो गई थी. वहां सब जारी रहा."
भड़के अखिलेश
बिहार विधानसभा चुनाव के रुझानों पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है.
अखिलेश यादव ने बिहार में एनडीए को मिल रही बढ़त का कारण एसआईआर को बताया है. इसके साथ ही उन्होंने इसे 'चुनावी साजिश' कहा है.
अखिलेश यादव ने कहा, "बिहार में जो खेल एसआईआर ने किया है वो पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, यूपी और बाक़ी जगह पर अब नहीं हो पाएगा, क्योंकि इस चुनावी साजिश का अब भांडाफोड़ हो चुका है."
उन्होंने कहा, "अब आगे हम ये खेल इनको नहीं खेलने देंगे. सीसीटीवी की तरह हमारा 'पीपीटीवी' मतलब 'पीडीए प्रहरी' चौकन्ना रहकर भाजपाई मंसूबों को नाकाम करेगा."
सपा अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी 'दल नहीं छल' है.
नतीजों से मांझी खुश
बिहार चुनाव नतीजों के रुझानों में एनडीए की भारी बढ़त पर उसके घटक दल हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) के अध्यक्ष जीतनराम मांझी ने कहा कि एनडीए को 160 सीटें मिलेंगी और नीतीश कुमार फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे.
जीतनराम मांझी ने कहा, "इसमें कुछ भी अप्रत्याशित नहीं है. हम तो शुरुआत से कह रहे थे कि एनडीए ही भारी बहुमत से सरकार बनाएगा और नीतीश कुमार फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे."
उन्होंने कहा, "हम ट्रेंड के मुताबिक़ उसी तरफ़ बढ़ रहे हैं. हमारी 160 सीटें आएंगी और महागठबंधन को 70-80 सीटों से ज़्यादा नहीं मिलेंगी. नीतीश कुमार ही अगले मुख्यमंत्री बनेंगे."