गुरू, 12 नव. 2026

CGKhabar

बिहार में बड़ा उलटफेर: नीतीश कुमार जा सकते हैं राज्यसभा, बेटे निशांत बनेंगे डिप्टी CM?

C

CG Khabar

05 मार्च 2026, 01:02 AM 2 मिनट में पढ़ें 11

नीतीश कुमार
नीतीश कुमार

पटना । डेस्क: बिहार की राजनीति में बुधवार को होली के उत्साह के बीच एक बड़े सियासी घटनाक्रम की सुगबुगाहट तेज हो गई है. राज्य के राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने पद से इस्तीफा देकर राज्यसभा जा सकते हैं. अटकलें लगाई जा रही हैं कि नीतीश कुमार की जगह भारतीय जनता पार्टी का कोई नेता बिहार का अगला मुख्यमंत्री बन सकता है, जबकि उनके बेटे निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है. 


5 मार्च को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि होने के कारण इन चर्चाओं ने और जोर पकड़ लिया है.

विज्ञापन


इस संभावित बदलाव के बीच पटना में मुख्यमंत्री आवास (1, अणे मार्ग) पर हलचल काफी बढ़ गई है. जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह जैसे दिग्गज नेताओं की मुख्यमंत्री के साथ लंबी बैठक चली है. 


इससे पहले कैबिनेट मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव और अशोक चौधरी ने भी नीतीश कुमार से मुलाकात की थी. गौरतलब है कि मंगलवार को ही मंत्री श्रवण कुमार ने निशांत कुमार के सक्रिय राजनीति में आने के संकेत दिए थे, जिसके बाद पटना में उनके समर्थन में पोस्टर भी दिखाई दिए.


बिहार विधानसभा के मौजूदा समीकरणों को देखें तो एनडीए के पास पूर्ण बहुमत है, जिसमें भाजपा की 89 और जेडीयू की 85 सीटें शामिल हैं. 


यदि नीतीश कुमार राज्यसभा जाते हैं, तो उन्हें निर्वाचित होने के लिए 41 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता होगी. 


नवंबर 2005 से (9 महीने के अंतराल को छोड़कर) बिहार की कमान संभालने वाले नीतीश कुमार के इस संभावित फैसले को राज्य की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है. हालांकि, फिलहाल जेडीयू की ओर से इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सत्ता के गलियारों में बैठकों का दौर जारी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP