सेक्स सीडी कांड में भूपेश बघेल को बड़ी राहत
सेक्स सीडी कांड में भूपेश बघेल पर नहीं चलेगा मुकदमा
रायपुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित सेक्स सीडी कांड में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को बड़ी राहत मिली है. रायपुर की अदालत ने उन्हें इस मामले में सारे आरोपों से बरी कर दिया है.
सीबीआई की विशेष अदालत ने सभी धाराएं हटाते हुए कहा कि भूपेश बघेल के खिलाफ मुकदमा चलाने का कोई आधार नहीं है.
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अदालत के आदेश के बाद X पर लिखा-सत्यमेव जयते.
गौरतलब है कि 27 अक्तूबर 2017 को देर रात छत्तीसगढ़ में रमन सिंह सरकार के मंत्री राजेश मूणत से जुड़ी एक कथित सेक्स सीडी के मामले में वरिष्ठ पत्रकार विनोद वर्मा को छत्तीसगढ़ पुलिस ने ग़ाज़ियाबाद से गिरफ़्तार किया था.
आरोप था कि उन्होंने तब के मंत्री राजेश मूणत की एक अश्लील सीडी बनाई है. पुलिस ने दावा किया कि उनके निवास से इस वीडियो क्लिप की 500 सीडी और 2 लाख रूपए जब्त किए गए हैं.
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तब पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल थे. इस दौरान उनके बंगले में सुबह 6 बजे एक प्रेस कांफ्रेंस रखी गई. जिसमें मीडिया को एक सीडी बांटी थी. इस सीडी में दिखाए गए वीडियो को लेकर भूपेश ने दावा किया कि महिला के साथ बेहद आपत्तिजनक स्थिति में दिखने वाला व्यक्ति मंत्री राजेश मूणत हैं. इसके बाद देखते देखते यह वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
हालांकि इस सीडी के सामने आने के कुछ ही घण्टों के अंदर मंत्री मूणत ने इसका खंडन करते हुए सीडी को फर्जी बताया और मुख्यमंत्री से इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराए जाने की मांग की. भाजपा ने इसे कांग्रेस का षड्यंत्र बताते हुए इसे गंदी राजनीति कहा था.
और चुनाव हार गये मूणत
विधानसभा चुनाव के ठीक एक साल पहले रमन सरकार के कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत का कथित अश्लील वीडियो जमकर वायरल हुआ. मामले पर राजेश मूणत ने कहा था “मैंने राजनीति में 32 साल पूरे कर लिए हैं. कभी नहीं सोचा था कि राजनीति का स्तर इतना गिर जाएगा. चारित्रिक हनन के लिए लोग ऐसा करेंगे.”
इस मामले में रायपुर के भाजपा नेता प्रकाश बजाज ने रायपुर के पंडरी थाने में रिपोर्ट दर्ज़ कराई थी कि उन्हें एक फ़ोन आया, जिसमें उनके 'आका' की सेक्स सीडी बनाने की बात कही गई. प्रकाश बजाज की एफ़आईआर में विनोद वर्मा के नाम का ज़िक्र नहीं था लेकिन एक दुकान का ज़िक्र था, जहां पर कथित तौर पर सीडी की नकल बनाई जा रही थी.
ये एफ़आईआर 26 अक्तूबर की दोपहर साढ़े तीन बजे के आस पास दर्ज की गई थी और इस रिपोर्ट के दर्ज होने के लगभग 11 घंटों के भीतर ही छत्तीसगढ़ पुलिस ने दिल्ली जा कर कथित दुकानदार, फ़ोन करने वाले की जानकारी, तमाम फुटेज एकत्र कर लिये और फिर वहां से गाज़ियाबाद पहुंचकर विनोद वर्मा को गिरफ़्तार भी कर लिया था.
इस सीडी केस में तब के कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष और अब पूर्व मुख्यमंत्री हो चुके भूपेश बघेल और पत्रकार विनोद वर्मा के खिलाफ अश्लील सीडी बनाने और उसे बांटने के अलावा कथित रुप से फिरौती मांगने का आरोप लगाया गया था. तब के मंत्री राजेश मूणत ने भी 27 अक्टूबर 2017 को ये रिपोर्ट लिखवाई थी.
विनोद वर्मा को मिली थी जमानत
इस मामले में 60 दिनों के भीतर सीबीआई विनोद वर्मा के मामले में चालान पेश नहीं कर पाई थी. जिसके कारण 28 दिसंबर 2017 को विनोद वर्मा को ज़मानत पर रिहा करने का आदेश जारी किया गया. विनोद वर्मा तब से इस मामले में जमानत पर हैं.
अगले साल 26 सितंबर 2018 में भूपेश बघेल को भी इस मामले में गिरफ़्तार किया गया और भूपेश बघेल ने जमानत लेने से इंकार कर दिया. यही कारण है कि इस मामले में भूपेश बघेल को जेल भेज दिया गया था. लेकिन यह चुनावी साल था और भूपेश बघेल को जमानत मिली. फिर इस गिरफ़्तारी के तीन महीने के भीतर भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली.
इस मामले में विनोद वर्मा, विजय पंड्या, कैलाश मुरारका, रिंकु खनुजा, विजय भाटिया और पूर्व सीएम और तब पीसीसी अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भी आरोपी बनाया गया था.
लेकिन भूपेश बघेल के मुख्यमंत्री बनते ही सीबीआई ने दिल्ली की अदालत में आवेदन दिया कि इस मामले को दिल्ली शिफ्ट कर दिया जाए क्योंकि इस मामले के आरोपी भूपेश बघेल अब राज्य के मुख्यमंत्री हैं, जबकि दूसरे आरोपी विनोद वर्मा उनके सलाहकार हैं, इस कारण राज्य में इस मामले की निष्पक्ष सुनवाई नहीं हो सकती है.
आवेदन दिल्ली की अदालत में धूल खाता पड़ा रहा. सीबीआई भी चुप्पी साधे रही. पूरे पांच साल बाद भूपेश बघेल जब मुख्यमंत्री की कुर्सी से उतरे तो सीबीआई ने अपना आवेदन भी वापस ले लिया. और अब साल भर बाद रायपुर की विशेष अदालत में मामले की सुनवाई शुरु हुई है.
भाजपा नेता पर भी आरोप
भाजपा सरकार के पूर्व मंत्री राजेश मूणत की इस सीडी कांड की जांच कर रही सीबीआई ने जांच के बाद कई गंभीर आरोप लगाए. लेकिन इस मामले में एक दिलचस्प मोड़ तब आया जब सीबीआई ने अपनी चार्जशीट में दावा किया था कि यह वीडियो मुंबई की एक एडिटिंग लैब में 1 लाख रुपये देकर तैयार कराया गया था.
इसके अलावा, सीबीआई ने यह भी दावा किया था कि इस मामले के मास्टर माइंड छत्तीसगढ़ भाजपा नेता कैलाश मुरारका हैं.
इस मामले में सीबीआई ने अपनी चार्जशीट में विनोद वर्मा,विजय पंड्या, कैलाश मुरारका, रिंकु खनुजा, विनोद भाटिया और पूर्व सीएम और पूर्व पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल को भी आरोपी बनाया गया था.
हालांकि 6 जून 2018 को अश्लील सीडी कांड मामले के आरोपी रिंकू खनूजा ने अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
क्या कहा था सीबीआई ने
सीबीआइ ने अपनी चार्जशीट में दावा किया था कि इसी सीडी को फोरेंसिक विश्लेषण के माध्यम से प्रमाणित किया गया है, इसे मुंबई की एक एडिटिंग लैब में 1 लाख रूपए देकर तैयार कराया गया था. इस पूरे मामले के मास्टर माइंड छत्तीसगढ़ भाजपा नेता कैलाश मुरारका हैं, इस काम में एक अन्य आरोपी विनय पांड्य और रिंकू खानुजा, का नाम आया था.
इस दौरान भाजपा के तब के प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने मुरारका को पार्टी से बाहर कर दिया था.
इस सीडी कांड के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में ज़मीन-आसमान जैसे फेरबदल हुए. राजेश मूणत विधानसभा चुनाव हार गए, भूपेश बघेल मुख्यमंत्री बन गए, विनोद वर्मा उनके सलाहकार बने.
पांच साल बाद भूपेश बघेल सत्ता से बाहर हुए और राजेश मूणत फिर से विधायक बने और अब इस मामले की सुनवाई शुरु हुई. लेकिन भूपेश बघेल को पूरे मामले से बरी किए जाने के बाद, अब इस सीडी कांड की हवा निकल गई है. सीबीआई की जांच पर भी, जाहिर तौर पर सवाल उठेंगे ही.