मंगल, 17 नव. 2026

CGKhabar

भिलाई: पूजा निर्मलकर हत्याकांड में दो आरोपियों को उम्रकैद

C

CG Khabar

22 अग. 2026, 02:13 AM 3 मिनट में पढ़ें 26

जेल
जेल

भिलाई । संवाददाता: भिलाई-3 के गांधीनगर में वर्ष 2022 में हुए बहुचर्चित पूजा निर्मलकर हत्याकांड में पाटन के अपर सत्र न्यायालय ने शुक्रवार को फैसला सुनाया है. अपर सत्र न्यायाधीश दुलार सिंह निर्मलकर की अदालत ने मामले की अंतिम सुनवाई करते हुए आरोपी दीपक उर्फ अविनाश झा और उसके साथी मायाशंकर तिवारी उर्फ राजू को हत्या तथा साक्ष्य छिपाने का गंभीर दोषी करार दिया है. 


अदालत ने दोनों ही दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. इसके साथ ही, धारा 302/34 के तहत 5-5 हजार रुपये का जुर्माना और धारा 201 के तहत 7 वर्ष का सश्रम कारावास व 1-1 हजार रुपये का अतिरिक्त अर्थदंड भी लगाया गया है. जुर्माना न चुकाने पर दोषियों को अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी. अदालत ने यह भी स्पष्ट किया है कि दोनों सजाएं एक साथ चलेंगी.

विज्ञापन


इस दर्दनाक वारदात की शुरुआत 23 फरवरी 2022 को हुई थी, जब पूजा भिलाई-3 के गांधीनगर स्थित दीपक के किराए के कमरे में मौजूद थी. उसी दौरान वहां मायाशंकर भी पहुंचा, जहां तीनों ने मिलकर शराब पी. 


इस दौरान पूजा और मायाशंकर के बीच कथित रूप से हुए विवाद और आपत्तिजनक व्यवहार को देखकर दीपक आपे से बाहर हो गया. गुस्से में आकर दीपक ने पहले मायाशंकर पर शराब की बोतल से हमला किया, जिससे वह वहां से भाग निकला. 


हालांकि, बाद में दोनों ने मिलकर पूजा के साथ बेहद बर्बरता की. आरोपियों ने पूजा का सिर दीवार से टकराया और कांच की टूटी हुई बोतल से उसके शरीर पर कई वार किए, जिससे अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई.


हत्या को अंजाम देने के बाद साक्ष्य छुपाने की नीयत से दोनों आरोपियों ने शव को पूरे दिन कमरे में ही छिपाकर रखा. इसके बाद 24 फरवरी की देर रात शव को एक चादर में लपेटा और मोटरसाइकिल से ले जाकर जोरातराई स्थित पुरानी शराब भट्टी के पास एक सुनसान खंडहर में फेंक दिया. 


अगले दिन 25 फरवरी को जब स्थानीय नागरिक हरिश नायक ने खंडहर में लावारिस शव देखा, तब उन्होंने तुरंत उतई पुलिस को सूचित किया. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की, जिसकी पहचान मृतका की मां नीरू निर्मलकर और बहन नेहा ने पूजा के रूप में की. मृतका अपने पति से अलग होकर दीपक के साथ रह रही थी.


मां की शिकायत पर दर्ज मामले की तफ्तीश करते हुए उतई पुलिस ने जब दीपक को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो पूरे हत्याकांड से पर्दा उठ गया और मायाशंकर की संलिप्तता भी सामने आ गई. 


सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने आरोपियों का पहला अपराध होने और लंबे समय से हिरासत में रहने का हवाला देते हुए कम सजा की मांग की थी, लेकिन अदालत ने अपराध की वीभत्सता और अभियोजन के पुख्ता साक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए कठोर सजा सुनाई. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP