भिलाई: सिसकोल प्लांट में क्रेन से लोहे की भारी प्लेट गिरने से ऑपरेटर की मौत
भिलाई । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के भिलाई के हथखोज औद्योगिक क्षेत्र स्थित सिसकोल प्लांट में सुरक्षा मानकों की अनदेखी एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है. प्लांट में क्रेन से लोहे की भारी प्लेट खिसककर गिरने के कारण कार्यस्थल पर तैनात ऑपरेटर राजेश निर्लमलकर (40) की दबने से मौके पर ही मौत हो गई.
मूल रूप से धमधा निवासी राजेश रोजाना भिलाई आकर यहां काम करते थे. हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है, ताकि क्रेन से प्लेट फिसलने के वास्तविक कारणों और तकनीकी खामियों का पता लगाया जा सके.
सिसकोल प्लांट में क्रेन से भारी सामान गिरने और किसी मजदूर की जान जाने का यह कोई पहला मामला नहीं है. ठीक सात महीने पहले भी इसी तरह के भीषण हादसे में क्रेन ऑपरेटर लेखूराम कौशल (35) की लोहे की प्लेट के नीचे दबने से मौत हो गई थी.
उस वक्त भी पुलिस जांच और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की बात कही गई थी, लेकिन लगातार दूसरी मौत ने संयंत्र में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
स्थानीय मजदूरों का आरोप है कि घटना के बाद महज औपचारिकता के तौर पर जांच की जाती है, जबकि जमीनी स्तर पर क्रेन, सुरक्षा उपकरणों और भारी सामान उठाने वाले ढांचों की नियमित तकनीकी जांच नहीं होती.
मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रबंधन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिसमें लगातार लापरवाही बरती जा रही है. फिलहाल पुलिस कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है और अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही हादसे की सटीक वजह और जिम्मेदारी तय की जाएगी.