भिलाई: हथखोज इंडस्ट्रियल एरिया में केमिकल फैक्टरी में भीषण आग
भिलाई । संवाददाता: भिलाई के हथखोज औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक केमिकल फैक्टरी में गुरुवार सुबह करीब 10:30 से 11 बजे के बीच अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते उसने फैक्टरी परिसर में रखे 50 से अधिक केमिकल से भरे ड्रमों और वहां खड़े दो केमिकल टैंकरों को अपनी चपेट में ले लिया.
आग की लपटों के साथ उठे काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से साफ दिखाई दे रहा था, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और सीआईएसएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं. केमिकल की आग होने के कारण दमकलकर्मियों को पानी के साथ-साथ फोम का इस्तेमाल करना पड़ा.
आसपास की औद्योगिक इकाइयों ने भी पानी और अन्य संसाधनों से राहत कार्य में मदद की. हालांकि, रुक-रुक कर हो रहे धमाकों और दोबारा भड़कती आग के कारण राहत कार्य में दमकल टीमों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा.
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, फैक्टरी में चल रहे वेल्डिंग के काम के दौरान उठी चिंगारी से आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है.
हालांकि, प्रशासन और अधिकारियों का कहना है कि आग के सटीक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा. हादसे में कुछ श्रमिकों के झुलसने की खबर है, लेकिन आधिकारिक तौर पर घायलों की संख्या और नुकसान का अंतिम आकलन आग पूरी तरह बुझने और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा.