भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को देश ने दी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली | डेस्क: भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को, शहीद दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने अपनी श्रद्धांजलि दी है.
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, "आज, हमारा देश भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के सर्वोच्च बलिदान को याद करता है. स्वतंत्रता और न्याय के लिए उनका निडर प्रयास हम सभी को प्रेरित करता है."
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने लिखा, "शहीद-ए-आज़म सरदार भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु जी के शहीद दिवस पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि. अन्याय और अत्याचार के खिलाफ उनका निडर संघर्ष और सर्वोच्च बलिदान हर भारतीय के लिए एक मिसाल है."
राहुल गांधी ने आगे लिखा, "भगत सिंह जी की लड़ाई सिर्फ ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ़ ही नहीं, बल्कि जातिवाद और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ भी थी. समानता व भाईचारे पर आधारित उनके ये विचार हमें सदैव प्रेरणा देते रहेंगे."
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक्स पर लिखा-"माँ भारती के वीर सपूत, महान क्रांतिकारी, भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के बलिदान दिवस पर उन्हें सादर नमन."
विधानसभा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा- "भारत माता की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले इन वीर सपूत शहीद-ए-आज़म भगत सिंह जी, सुखदेव जी और राजगुरु जी के बलिदान दिवस पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि."
रमन सिंह ने लिखा- "उनका बलिदान हर देशवासी के लिए राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रहित के लिए संघर्ष की मिसाल है. आइए, हम सब मिलकर उनके सपनों के भारत के निर्माण का संकल्प लें."
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने लिखा-श्रेष्ठ क्रांतिकारी, परम देशभक्त एवं माँ भारती की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव जी के शहीदी दिवस पर उन्हें कोटि-कोटि नमन।
मातृभूमि की रक्षा के लिए आप सभी का सर्वोच्च बलिदान माँ भारती की सेवा में तत्पर राष्ट्रवाद से आलोकित युवाओं को सदैव प्रेरित करता रहेगा।"