बेंगलुरु: पायलट ने क्रू मेंबर का यौन उत्पीड़न किया
हैदराबाद । डेस्क: बेंगलुरु में एक चार्टर्ड विमान के पायलट के खिलाफ अपने ही एयरलाइन की 26 वर्षीय केबिन क्रू (विमानकर्मी) को होटल में ले जाकर यौन उत्पीड़न करने का गंभीर आरोप लगा है. हैदराबाद की रहने वाली पीड़िता ने रविवार को हैदराबाद के बेगमपेट पुलिस स्टेशन में पायलट के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना पिछले हफ्ते 18 नवंबर को बेंगलुरु के एक होटल में हुई थी. आरोप है कि पायलट ने उस दिन 26 वर्षीय केबिन क्रू को यौन रूप से प्रताड़ित किया. हैदराबाद लौटने के बाद, पीड़िता ने रविवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने पुष्टि की है कि आरोपी पायलट के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. चूंकि शिकायत अपराध के स्थान (बेंगलुरु) से बाहर दर्ज की गई है, इसलिए इसे 'जीरो एफआईआर' के रूप में पंजीकृत किया गया है.
बेगमपेट पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने कहा, "पीड़िता ने हैदराबाद लौटकर शिकायत दर्ज कराई है. हमने यहां से बेंगलुरु के हालासुरु थाना को इसकी सूचना भेज दी है और मामले की फाइल सौंप दी है. अब वहां की पुलिस इस मामले की आगे की जांच कर रही है." पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी पायलट की तलाश जारी है.