बंगाल: न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाना चुनाव बाधित करने की साजिश- SC
नई दिल्ली । डेस्क: सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में मतदाता सूची संशोधन (SIR) प्रक्रिया में जुटे 7 न्यायिक अधिकारियों को भीड़ द्वारा 9 घंटे तक बंधक बनाए जाने की घटना पर कड़ा रुख अपनाया है. मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने इसे चुनाव प्रक्रिया को पटरी से उतारने का एक "सुनियोजित प्रयास" करार देते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं.
अदालत ने राज्य सरकार की निष्क्रियता को "अत्यंत निंदनीय" बताया और टिप्पणी की कि बंगाल में राजनीतिक ध्रुवीकरण की ऐसी स्थिति पहले कभी नहीं देखी गई.
मालदा के कालियाचक में बुधवार को तीन महिला अधिकारियों समेत सात ज्यूडिशियल अफसरों को उस समय भीड़ ने घेर लिया, जब वे वोटर लिस्ट के विशेष गहन संशोधन का काम कर रहे थे.
देर रात करीब 1 बजे पुलिस और अर्धसैनिक बलों की मदद से उन्हें रेस्क्यू किया गया.
इस घटना पर चुनाव आयोग ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए बंगाल के मौजूदा हालात को "जंगलराज" की संज्ञा दी है.
कोर्ट ने अब निर्वाचन आयोग को निर्देश दिया है कि न्यायिक अधिकारियों और संबंधित कार्यालयों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय बलों की तैनाती की जाए. साथ ही, सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सीबीआई या किसी स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने के संकेत दिए हैं और संबंधित पुलिस अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है.