बंगाल चुनाव 2026: 'सिंघम' IPS और 'पुष्पा' बने TMC प्रत्याशी में छिड़ी जंग
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के मतदान से पहले दक्षिण 24 परगना के फाल्टा में सियासी पारा चरम पर पहुंच गया है. चुनाव आयोग द्वारा तैनात पुलिस पर्यवेक्षक और उत्तर प्रदेश कैडर के चर्चित आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है.
टीएमसी समर्थकों ने शर्मा पर पार्टी कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने का आरोप लगाते हुए फाल्टा में उम्मीदवार जहांगीर खान के आवास के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया.
यह विवाद तब शुरू हुआ जब आईपीएस अजय पाल शर्मा का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह कथित तौर पर जहांगीर खान के परिवार और समर्थकों को कड़ी चेतावनी देते नजर आ रहे हैं.
वीडियो में शर्मा कह रहे हैं, "उन्हें बता देना, अगर उनके लोगों ने धमकाना जारी रखा तो हम उनसे ठीक से निपटेंगे... फिर रोना या पछताना मत." इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान ने फिल्मी अंदाज में पलटवार किया और कहा, "यह बंगाल है; अगर वह 'सिंघम' हैं, तो मैं 'पुष्पा' हूं.
बीजेपी समर्थित अधिकारियों की किसी भी धमकी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा." खान ने आरोप लगाया कि पर्यवेक्षक ने नियमों का उल्लंघन कर उनके सुरक्षाकर्मियों और परिवार को डराया है, जबकि राज्य मंत्रियों ने भी शर्मा की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं.
दूसरी ओर, 2011 बैच के आईपीएस और पूर्व डेंटल सर्जन अजय पाल शर्मा अपनी सख्त छवि के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने फाल्टा में सुरक्षा तैनाती में भी बड़ी अनियमितता पकड़ी, जहां जहांगीर खान की 'Y' श्रेणी की सुरक्षा में निर्धारित 10 के बजाय 14 पुलिसकर्मी तैनात पाए गए. इस पर उन्होंने स्थानीय एसपी से स्पष्टीकरण मांगा है.
चुनाव आयोग के सूत्रों के अनुसार, शर्मा को वहां मतदाताओं को डराने और पहचान पत्र छीनने की शिकायतें मिली थीं, जिसके बाद उन्होंने यह सख्त रुख अपनाया. डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाले इस इलाके में अब पुलिस पर्यवेक्षक और टीएमसी के बीच का यह टकराव बंगाल चुनाव की सबसे बड़ी चर्चा बन गया है.