रवि, 08 नव. 2026

CGKhabar

बेमेतरा: पुलिस ने फंदे पर लटकी महिला को माना मृत, 3 घंटे बाद मिली जिंदा

C

CG Khabar

21 अग. 2026, 01:48 PM 2 मिनट में पढ़ें 16

पुलिस
पुलिस

बेमेतरा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से पुलिस की गंभीर लापरवाही और संवेदनहीनता का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के परशुराम चौक पर एक महिला ने अज्ञात कारणों से अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 और पुलिस को इसकी जानकारी दी.


बिना चिकित्सकीय जांच के खुद ही घोषित कर दिया मृत


मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर आरोप है कि उन्होंने बिना किसी चिकित्सीय परीक्षण के ही महिला को मृत मान लिया. पुलिसकर्मियों ने न तो महिला की नब्ज जांची और न ही किसी डॉक्टर को बुलाना जरूरी समझा. इतना ही नहीं, साक्ष्य सुरक्षित रखने का हवाला देते हुए पुलिस ने उस कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर ताला लगा दिया और परिजनों को अंदर जाने से सख्त मना कर दिया.

विज्ञापन


3 घंटे तक कमरे में बंद रही तड़पती हुई महिला


लगभग दो से तीन घंटे तक महिला जीवन और मृत्यु के बीच झूलती हुई उसी बंद कमरे में फंदे से लटकी रही. इसके बाद जब पुलिस की दूसरी टीम पंचनामा और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए दोबारा पहुंची और कमरे का ताला खोला, तो वहां मौजूद सभी लोग दंग रह गए. महिला की सांसें चल रही थीं और उसके शरीर में हलचल दिखाई दे रही थी.


परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश


महिला को जीवित पाकर परिजनों ने तुरंत उसे फंदे से नीचे उतारा और आनन-फानन में शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां फिलहाल उसका इलाज जारी है. पुलिस की इस कार्यप्रणाली से स्थानीय निवासियों और परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त है. लोगों का कहना है कि यदि पुलिस ने समय रहते समझदारी दिखाई होती और महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया होता, तो उसकी स्थिति इतनी गंभीर न होती.


मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रवासियों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की मांग की है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP