बस्तर: 31 दुकानों पर छापा, 76 टन उर्वरक जब्त और 3 लाइसेंस रद्द
बस्तर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में अवैध खाद की कालाबाजारी और जमाखोरी के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की बड़ी कार्रवाई की है. आदिवासी बाहुल्य बस्तर जिले में किसानों को ऊंचे दामों पर खाद बेचे जाने और अवैध भंडारण की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद कृषि विभाग की टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी की.
बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने जिले के बस्तर और बकावंड ब्लॉक में स्थित करीब 31 दुकानों और उनके गोदामों में सघन जांच अभियान चलाया. इस कार्रवाई के दौरान बिना किसी वैध दस्तावेज के अवैध रूप से स्टॉक करके रखा गया 76 टन उर्वरक जब्त किया गया है.
प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी 31 दुकानदारों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं. इसके तहत तात्कालिक रूप से 21 दुकानदारों द्वारा खाद की बिक्री करने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है, जबकि गंभीर अनियमितता पाए जाने पर तीन दुकानों के लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द कर दिए गए हैं.
बिचौलियों और व्यापारियों द्वारा किसानों के शोषण को रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में भी निर्धारित दरों से अधिक दाम पर खाद बेचने या अवैध भंडारण की शिकायत मिलती है, तो संबंधितों के खिलाफ और भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.