बस्तर: अनियंत्रित ट्रक ने हेडमास्टर को रौंदा, शरीर के हुए तीन टुकड़े
बस्तर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में भानपुरी थाना अंतर्गत मुख्य चौक पर सोमवार की देर रात एक अनियंत्रित ट्रक ने भारी तबाही मचाई. इस दर्दनाक हादसे में मुंडागांव स्कूल के प्रधानाध्यापक जीवराखन कोसमा की घटनास्थल पर ही वीभत्स मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि शिक्षक का शरीर तीन हिस्सों में विखंडित हो गया.
इस हादसे की चपेट में आने से चार अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए तत्काल सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार को साप्ताहिक बाजार होने के कारण भानपुरी चौक पर काफी चहल-पहल थी. इसी दौरान लोहंडीगुड़ा की दिशा से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक बेकाबू हो गया.
बताया जा रहा है कि सड़क पार कर रही एक महिला को बचाने के प्रयास में ड्राइवर ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद ट्रक सीधे फल की दुकानों के पास खड़े लोगों को कुचलता हुआ आगे जा घुसा. जीवराखन कोसमा उस वक्त सड़क किनारे फल खरीद रहे थे और उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला.
घटना के बाद इलाके में भारी तनाव और आक्रोश की स्थिति निर्मित हो गई. स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की, जिसके बाद मौके पर पहुँची पुलिस टीम ने स्थिति को नियंत्रित किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया.
इस बीच, पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि भानपुरी चौक पर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने और पुलिस बल की तैनाती की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जिसे नजरअंदाज किया गया. इसी प्रशासनिक कोताही की कीमत आज एक शिक्षक को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी है. पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.