बस्तर: नल-जल योजना फेल, झरिया का गंदा पानी पी रहे ग्रामीण
बस्तर । संवाददाता: गर्मी की आहट के साथ ही बस्तर जिले के ग्रामीण अंचलों में पेयजल की समस्या विकराल होने लगी है. ताजा मामला तोकापाल ब्लॉक की कुरेंगा पंचायत का है, जहाँ पिछले कई महीनों से ग्रामीण बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं. सोमवार को समस्या से तंग आकर सैकड़ों ग्रामीण महिलाएं, गोद में छोटे बच्चों को लिए 25 किलोमीटर का सफर तय कर जिला मुख्यालय पहुंचीं और कलेक्टर से पानी दिलाने की गुहार लगाई.
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में करोड़ों की लागत से 'नल-जल योजना' के तहत पानी टंकी तो खड़ी कर दी गई है, लेकिन वह महज एक सफेद हाथी साबित हो रही है. टंकी सूखी पड़ी है और पाइपलाइनों में पानी का नामोनिशान नहीं है. वर्तमान में हजारों की आबादी वाले इस गांव की प्यास बुझाने का एकमात्र सहारा स्कूल में लगा एक सोलर पंप है, लेकिन गिरते जलस्तर के कारण अब उससे भी आपूर्ति बाधित हो गई है.
मजबूरी में ग्रामीणों को लंबी दूरी तय कर 'झरिया' का गंदा पानी पीना पड़ रहा है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है.
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन को कई बार अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. इस मामले में अपर कलेक्टर सी.पी. बघेल ने बताया कि ग्रामीणों का आवेदन प्राप्त हुआ है और पीएचई विभाग से रिपोर्ट मांगी गई है कि नल-जल योजना अब तक शुरू क्यों नहीं हो पाई, जिसके बाद उचित कार्रवाई की जाएगी.