कांकेर: 4 आईईडी बरामद और नक्सली स्मारक ध्वस्त
कांकेर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के उत्तर बस्तर कांकेर जिले में सुरक्षाबलों ने एक संयुक्त अभियान के दौरान नक्सलियों की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है. बीएसएफ और जिला रिजर्व गार्ड की टीम ने छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के हपाटोला और बिनागुंडा के जंगली पहाड़ियों में तलाशी अभियान चलाकर चार आईईडी बरामद किए और चार नक्सली स्मारकों को ध्वस्त कर दिया.
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई बस्तर आईजी सुंदरराज पी. और एसपी निखिल कुमार राखेचा के मार्गदर्शन में की गई.
सुरक्षाबलों को गश्त के दौरान नक्सलियों के एक डंप से तीन प्रेशर कुकर बम (क्रमशः 10 किलो और 5-5 किलो) और एक पाइप आईईडी मिला. इसके साथ ही मौके से बिजली के तार, नक्सली वर्दी, पटाखे और नक्सली साहित्य भी जब्त किया गया है.
सुरक्षा के मद्देनजर सभी आईईडी को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. साथ ही कालपर और आमटोला गांवों में बने चार नक्सली स्मारकों को भी सुरक्षाबलों ने ढहा दिया. इस सफल ऑपरेशन के बाद क्षेत्र में पुलिस की वैधानिक कार्रवाई जारी है. Symbolic Photo