विष्णुदेव सरकार की प्राथमिकता बस्तर का विकास: केदार कश्यप
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप ने पूर्ववर्ती भूपेश बघेल नीत कांग्रेस सरकार पर बस्तर के लोगों को उनके अधिकारों से वंचित रखने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि वर्तमान विष्णुदेव साय सरकार ने बस्तर के सर्वांगीण विकास को अपनी प्राथमिकता में रखा है और क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क तथा मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने का काम तेजी से किया जा रहा है.
ईटीवी भारत से बात करते हुए केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने बस्तर में वास्तविक काम करने के बजाय केवल राजनीति की और परियोजनाओं पर अपनी नामपट्टिकाएं लगाने का काम किया.
उन्होंने स्पष्ट किया कि जगदलपुर क्षेत्र में बना मेडिकल कॉलेज और बस्तर में बन रहा विश्वविद्यालय डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में शुरू की गई नीतियों का परिणाम है, जिसका श्रेय कांग्रेस लेने का प्रयास करती रही.
बस्तर में नक्सलवाद के प्रभाव के बावजूद हाल की परीक्षाओं में स्थानीय छात्रों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उसे सही दिशा देने की जरूरत है.
उन्होंने सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर के मुद्दे पर कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान बस्तर में कोई उल्लेखनीय सड़क परियोजना पूरी नहीं हुई, जबकि वर्तमान सरकार सुदूर क्षेत्रों तक पहुंच और कनेक्टिविटी तेजी से बढ़ा रही है.
हसदेव अरण्य क्षेत्र के तारा कोयला ब्लॉक की नीलामी पर विपक्ष और पर्यावरणविदों के विरोध को खारिज करते हुए कश्यप ने कांग्रेस पर दोहरे रवैये का आरोप लगाया.
उन्होंने कहा कि पूर्व कोयला मंत्री जयराम रमेश के कार्यकाल में ही सुरक्षा वाले 'नो-गो' जोन की स्थिति हटाई गई थी. वहीं, सरकार को 'रिमोट कंट्रोल' से चलाने के कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एक अनुभवी जननेता हैं और भाजपा सरकार आदिवासियों के कल्याण के लिए ठोस कदम उठा रही है.