बस्तर: बाइक की टक्कर से हिरण की मौत, युवक घायल
जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में गुरुवार दोपहर जगदलपुर-बीजापुर नेशनल हाईवे (NH-63) पर गुमरगुंडा के पास एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक जंगली हिरण की जान चली गई. जानकारी के मुताबिक, सड़क पार कर रहे हिरण को एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने जोरदार टक्कर मार दी. इस भिड़ंत में बाइक सवार युवक भी बुरी तरह घायल हो गया है.
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हादसा इतना अचानक हुआ कि चालक को वाहन नियंत्रित करने का मौका ही नहीं मिला.
टक्कर के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल युवक को नजदीकी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उसका उपचार किया जा रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और गीदम पुलिस की टीम सक्रिय हुई. विभाग ने मृत हिरण के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. नियमानुसार, पोस्टमार्टम के पश्चात विभाग द्वारा वन्यप्राणी का अंतिम संस्कार किया जाएगा.
यह घटना गीदम थाना क्षेत्र की है, जहाँ नेशनल हाईवे पर अक्सर जंगली जानवरों की आवाजाही बनी रहती है. फिलहाल, वन विभाग इस पूरे मामले की जांच कर रहा है.