सोम, 16 नव. 2026

CGKhabar

बस्तर की 'बड़ी दीदी' डॉ. बुधरी ताती को पद्मश्री सम्मान

C

CG Khabar

26 जून 2026, 03:19 AM 3 मिनट में पढ़ें 21

 डॉ. बुधरी ताती
डॉ. बुधरी ताती

दंतेवाड़ा । संवाददाता: नई दिल्ली के राष्ट्रपति भवन में हाल ही में जब बस्तर की पारंपरिक आदिवासी वेशभूषा में एक महिला राष्ट्रपति से सम्मान लेने आगे बढ़ी, तो वहां मौजूद हर शख्स की नजरें उन पर टिक गईं. अपनी संस्कृति और मिट्टी से जुड़ाव का यह खूबसूरत संदेश देने वाली हस्ती छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा की प्रसिद्ध समाज सेविका डॉ. बुधरी ताती हैं, जिन्हें देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'पद्मश्री' से नवाजा गया है. 


बस्तर के सुदूर और संवेदनशील इलाकों में लोग उन्हें आदर व स्नेह से 'बुआ' और 'बड़ी दीदी' कहकर पुकारते हैं. डॉ. ताती के जीवन का यह 23वां पुरस्कार है, इससे पहले वे 3 राष्ट्रीय पुरस्कारों सहित कुल 22 सम्मान हासिल कर चुकी हैं.

विज्ञापन


डॉ. बुधरी ताती की यह यात्रा कांटों भरी रही है. उन्होंने समाज सेवा के अपने इस कड़े संकल्प के लिए कभी विवाह न करने का फैसला लिया और पूरे बस्तर को ही अपना परिवार मान लिया. 


एक समय ऐसा भी था जब अबूझमाड़ के एक अंदरूनी गांव में काम करने के दौरान उन पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला हुआ था और ग्रामीणों ने उन्हें खदेड़ दिया था. इसके बावजूद उन्होंने कदम पीछे नहीं खींचे. 


आज वे हिरानार में एक वृद्धाश्रम का संचालन कर रही हैं, जहां बेसहारा बुजुर्गों को आश्रय मिलता है. साथ ही अपनी भतीजी अन्ति वेक के सहयोग से वे बेघर और अनाथ आदिवासी बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और भविष्य संवारने का जिम्मा भी उठा रही हैं.


इस सेवा सफर की शुरुआत करीब चार दशक पहले हुई थी. साल 1984-85 के दौरान महज 15 वर्ष की उम्र में बुधरी ताती ने गुरमगुंडा आश्रम के लखमू बाबा से प्रभावित होकर अपनी जिंदगी लोक-कल्याण के नाम करने की ठान ली थी. 


अपने परिवार को मनाने के बाद उन्होंने नागपुर के अखिल भारतीय राष्ट्रीय सेवा समिति से करीब चार महीने की ट्रेनिंग ली और फिर रायपुर होते हुए बस्तर के बीहड़ों में उतर गईं. 


यह वह दौर था जब बस्तर के ग्रामीण अंचलों में महिलाओं का घर की दहलीज पार करना भी मुश्किल माना जाता था, लेकिन उन्होंने वहां व्याप्त कुप्रथाओं, निरक्षरता और अंधविश्वास के खिलाफ मोर्चा खोल दिया.


पिछले 35 वर्षों में डॉ. ताती ने बस्तर के दुर्गम और घने जंगलों में हजारों किलोमीटर का सफर पैदल ही तय किया है. वे अब तक 545 से ज्यादा गांवों तक सीधी मदद पहुंचा चुकी हैं. 


महिलाओं की आर्थिक आजादी को समाज की असली ताकत मानने वाली डॉ. ताती ने 500 से अधिक ग्रामीण महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई और अन्य स्वरोजगार के माध्यमों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया है. 


इसके अलावा उन्होंने स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और मातृ-शिशु सुरक्षा को लेकर बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान चलाए हैं. उनके द्वारा नशाखोरी के खिलाफ चलाए गए अभियानों का ही असर है कि आज बस्तर के कई गांवों के लोगों ने व्यसन छोड़कर एक नई और स्वस्थ जिंदगी की शुरुआत की है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
राहुल द्रविड़ और अमनदीप खरे
छत्तीसगढ़ विशेष

रणजी ट्रॉफी में रनों की बारिश के बावजूद टीम इंडिया और इंडिया-ए से दूर छत्तीसगढ़ का कप्तान

3 दिन पहले

C.V. Raman University
छत्तीसगढ़ विशेष

सावधान! क्या आपकी भी डिग्री C.V. Raman University से है?

3 दिन पहले

SIR- सांकेतिक फोटो
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़: मतदाता सूची में नाम जोड़ने व सुधार 11 दिसंबर तक, 4 जनवरी को अंतिम प्रकाशन

4 दिन पहले

स्वच्छता अभियान- फाइल फोटो
छत्तीसगढ़ विशेष

स्वच्छता में छत्तीसगढ़ का डंका: राष्ट्रपति ने 3 निकायों को किया पुरस्कृत, बिल्हा देश में नंबर-1

5 दिन पहले

AI Generated Photo
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ में 5 दिनों में गटक गए 54.60 करोड़ की शराब, विदेशी स्पिरिट का रहा दबदबा

5 दिन पहले

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का फैसला: फतवे की कोई कानूनी मान्यता नहीं, याचिका खारिज

1 सप्ताह पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP