बांकुरा हिंसा मामला: CJP ने बंगाल सरकार को दिया 10 दिन का अल्टीमेटम
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल के बांकुरा जिले में जनाब मफीक की संदिग्ध मौत के बाद राज्य में राजनीतिक पारा चढ़ गया है. सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेता आशुतोष रांका ने दिल्ली से आकर इंदास के करिशुंडा गांव में पीड़ित परिवार से मुलाकात की और बंगाल सरकार को सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 दिन का अल्टीमेटम दिया.
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में 'स्कूल ठीक करो' अभियान के तहत सरकारी स्कूल की बदहाल स्थिति उजागर करने को लेकर बढ़ा विवाद अब एक बुजुर्ग की जान ले चुका है. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 25 वर्षीय कार्यकर्ता शेख अब्दुल हफीज के पिता जनाब मफीक की गंभीर चोटों के कारण अस्पताल में मौत हो गई. CJP का आरोप है कि पार्टी कार्यकर्ता द्वारा स्कूल का निरीक्षण किए जाने से बौखलाए स्थानीय बीजेपी समर्थकों ने घर में घुसकर हमला बोला, जिसमें अब्दुल हफीज और उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए थे. शनिवार को इलाज के दौरान मफीक ने दम तोड़ दिया.
रांका ने चेतावनी दी है कि यदि 10 दिनों के भीतर सभी दोषियों को जेल नहीं भेजा गया और कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी जिला प्रशासन कार्यालय का घेराव कर राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेगी.
सीजेपी नेता ने इंदास पुलिस स्टेशन के पुलिसकर्मियों की भूमिका की अदालत की निगरानी में निष्पक्ष जांच कराने तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है. उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस प्रशासन ने पीड़ित परिवार को उचित सहयोग नहीं दिया.
घटना के संदर्भ में पीड़ित परिवार ने किसी भी सरकारी मुआवजे को लेने से इनकार कर दिया है. मृतक मफीक के 25 वर्षीय बेटे अब्दुल हफीज ने मुआवजा लेने के बजाय अपने पिता की याद में गांव में एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्कूल बनाने की मांग रखी है.
हफीज और सीजेपी नेताओं का मानना है कि यह स्कूल क्षेत्र में शिक्षा के प्रसार और जन-जागृति का बड़ा प्रतीक बनेगा. इस पर सीजेपी ने हफीज को आर्थिक मदद देने और राज्य में 'स्कूल ठीक करो' अभियान चलाने की घोषणा की है.
दूसरी ओर, पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी हसीना बेगम की शिकायत पर अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में पांच नामजद सहित 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों को बिष्णुपुर उप-मंडलीय अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की है.
गौरतलब है कि मफीक पर 13 अगस्त को उनके घर में घुसकर हमला किया गया था, जिसके बाद गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल भर्ती कराया गया था, जहां शनिवार रात उनकी मौत हो गई. इस घटना को लेकर पश्चिम बंगाल की राजनीति गरमा गई है, जहां विभिन्न राजनीतिक दल एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं.