बैंकों ने 18 लाख करोड़ का 'खैरात' बांटा, लाभ घटा
कोलकाता । डेस्क: बांग्ला दैनिक बर्तमान के विश्लेषण के अनुसार, नरेंद्र मोदी के शासनकाल में देश के सार्वजनिक बैंकों का नेट लाभ तीन लाख करोड़ से अधिक होने का दावा सच्चाई का पूरा चित्रण नहीं करता. वास्तव में, पिछले 11 वर्षों में बैंकों का ऑपरेटिंग प्रॉफिट लगभग 21 लाख करोड़ रुपये रहा, लेकिन इसमें से 18 लाख करोड़ रुपये NPA के लिए माफ कर दिए गए. ये वे राशियां हैं जो बड़े-बड़े कॉरपोरेट्स ने उधार लेकर चुकाई ही नहीं, और बैंकों ने इन्हें NPA (नॉन-परफॉर्मिंग एसेट्स) का बोझ कम करने के लिए माफ कर दिया.
विश्लेषण में कहा गया है कि यह कदम सरकार के 'मित्र' उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने का प्रयास है, जिससे बैंकों का कुल लाभ घट गया. यदि यह माफी न दी जाती, तो बैंकों का लाभ सात गुना अधिक होता, जो जनकल्याणकारी योजनाओं, बुनियादी ढांचे और ग्राहकों को राहत देने में उपयोगी साबित होता. जानकारों का मानना है कि लगातार ऋण चूककर्ताओं को छूट देकर सरकार ने बैंकों की वित्तीय स्थिति को कमजोर किया है.
उदाहरण के तौर पर, एक प्रमुख बिजली उत्पादक कंपनी ने 48,000 करोड़ रुपये का ऋण लिया, लेकिन केवल 19,000 करोड़ चुकाए, बाकी माफ. इसी तरह, एक विद्युत उपकरण निर्माता ने 46,000 करोड़ में से महज 2,900 करोड़ लौटाए, और एक जहाज निर्माण कंपनी ने 22,000 करोड़ के ऋण पर केवल 1,200 करोड़ का भुगतान किया.
2013-14 से 2024-25 तक की अवधि में बैंकों का 21.27 लाख करोड़ का ऑपरेटिंग लाभ घटकर 3.31 लाख करोड़ के नेट लाभ पर सिमट गया.
अल इंडिया बैंक एम्प्लॉयी एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेन नागर ने कहा, "यदि ये 18 लाख करोड़ लाभ के रूप में आते, तो सरकार जनमुखी परियोजनाओं में निवेश कर सकती थी. बैंकों को सर्विस चार्ज कम करने और जमा पर अधिक ब्याज देने का मौका मिलता. लेकिन अब हम सीधे वसूली की मांग करेंगे और इस 'लूट' के खिलाफ आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर रहे हैं."
बैंक कर्मचारी संगठन सरकार की इस नीति के खिलाफ प्रदर्शन की तैयारी में जुटे हैं, जो सार्वजनिक बैंकों की आर्थिक सेहत को नुकसान पहुंचा रही है. (symbolic photo)