बैंक ऑफ अमेरिका पर 10,000 करोड़ रुपये का जुर्माना
वाशिंगटन । डेस्क: अमेरिका के दूसरे सबसे बड़े बैंक 'बैंक ऑफ अमेरिका' पर एंटी-मनी लॉन्ड्रिंग और अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध कानूनों का गंभीर उल्लंघन करने के आरोप में 1.21 अरब डॉलर (लगभग 10,000 करोड़ रुपये से अधिक) का भारी जुर्माना लगाया गया है. अमेरिकी वित्त विभाग द्वारा मंगलवार को की गई इस कार्रवाई को विभाग के इतिहास की तीसरी सबसे बड़ी दंडात्मक कार्रवाई माना जा रहा है.
वित्त विभाग की वित्तीय अपराध प्रवर्तन नेटवर्क (FinCEN) शाखा के अनुसार, बैंक राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील मामलों, खासकर चीनी मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क और दक्षिण-पश्चिमी सीमा पर होने वाले अवैध वित्तीय लेन-देन को रोकने तथा उनकी सही रिपोर्टिंग करने में नाकाम रहा.
नियामक एजेंसियों ने पाया कि बैंक ऑफ अमेरिका ने संदिग्ध लेन-देन का पता लगाने की अपनी ज़िम्मेदारी का एक बड़ा हिस्सा बाहरी एजेंसियों (थर्ड पार्टी) को सौंप दिया था, जिसके चलते बैंक समय रहते 5 अरब डॉलर से अधिक के संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की जानकारी अधिकारियों को नहीं दे सका.
इस संयुक्त कार्रवाई के तहत फिनसेन (FinCEN) ने 1.2 अरब डॉलर का जुर्माना लगाया, जिसमें ऑफिस ऑफ द कंट्रोलर ऑफ द करंसी (OCC) द्वारा लगाया गया 750 मिलियन डॉलर का जुर्माना भी शामिल है.
इसके अलावा, विदेशी संपत्ति नियंत्रण कार्यालय (OFAC) ने ईरान, रूस, मादक पदार्थों की तस्करी और वैश्विक आतंकवाद से जुड़े प्रतिबंध नियमों के 475 मामलों के उल्लंघन के एवज में बैंक के साथ 1.16 करोड़ डॉलर का समझौता किया है.
अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेट ने इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि जब इतना बड़ा वित्तीय संस्थान अपने कानूनी दायित्वों में विफल रहता है, तो पूरा अमेरिकी वित्तीय तंत्र जोखिम में आ जाता है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई एक संदेश है कि कोई भी संस्थान कानून से ऊपर नहीं है. दूसरी ओर, बैंक ऑफ अमेरिका ने अपने बयान में अपनी विफलता स्वीकार करते हुए कहा कि वित्तीय अपराध अनुपालन बेहद गंभीर विषय है और वे नियामकों द्वारा उठाए गए मुद्दों को हल करने तथा अपनी तकनीक और सुरक्षा प्रणालियों को बेहतर बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं.