अब्दुल नेहा बनकर 28 साल भारत में रहा
भोपाल। डेस्क: मध्य प्रदेश पुलिस ने अवैध प्रवासियों की तलाश में हाल के दिनों में व्यापक अभियान चलाया है. इसी अभियान के तहत भोपाल के बुद्धवाड़ा इलाके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जो खुद को 'नेहा कुमारी' के रूप में पेश करता था.
पुलिस का दावा है कि यह व्यक्ति वास्तव में अब्दुल कलाम नाम का एक बांग्लादेशी नागरिक है, जिसने 28 साल तक भारत में छद्मवेश में रहकर सबकी आंखों में धूल झोंकी.
जांच में पता चला है कि अब्दुल ने मात्र 10 साल की उम्र में बांग्लादेश से भारत में अवैध रूप से प्रवेश किया था. शुरुआत में वह मुंबई में रहा, जहां उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए ट्रांसजेंडर के रूप में रहना शुरू किया.
लगभग 20 साल मुंबई में बिताने के बाद, वह आठ साल पहले मध्य प्रदेश के भोपाल आ गया. यहां उसने तृतीय लिंग समुदाय के बीच अपनी जगह बनाई और 'नेहा कुमारी' के नाम से आधार कार्ड और वोटर कार्ड जैसे फर्जी दस्तावेज भी बनवा लिये.
पुलिस के मुताबिक, अब्दुल ने न केवल अपनी पहचान बदली, बल्कि वह स्थानीय ट्रांसजेंडर संगठनों का सक्रिय सदस्य भी बन गया था. हालांकि, पुलिस का कहना है कि उसने चिकित्सकीय रूप से लिंग परिवर्तन नहीं कराया था, बल्कि यह सब उसकी पहचान छिपाने की रणनीति थी.
जांच में यह भी सामने आया कि वह समय-समय पर बांग्लादेश जाता था, लेकिन वहां ज्यादा समय नहीं बिताता था.
पुलिस को संदेह है कि अब्दुल का किसी बड़े दस्तावेज जालसाजी गिरोह से संबंध हो सकता है. इस गिरोह की तलाश में पुलिस ने जांच तेज कर दी है.
फिलहाल, अब्दुल को भोपाल जेल में 30 दिनों के लिये हिरासत में रखा गया है, जहां उसकी सुरक्षा के लिये दो महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. इस मामले की जानकारी केंद्रीय अधिकारियों को भी दी गई है.