बांग्लादेश: पीएम पद 10 वर्ष के सीमित करने का प्रस्ताव
नई दिल्ली । डेस्क: बांग्लादेश में प्रधानमंत्री पद की अवधि 10 वर्ष तक सीमित करने का प्रस्ताव का जमात और एनसीपी ने समर्थन किया है. मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने बांग्लादेश के संविधान में संशोधन की पहल की है, लेकिन राष्ट्रीय सहमति आयोग की बैठक में प्रधानमंत्री पद की अवधि अधिकतम 10 वर्ष तक सीमित करने के प्रस्ताव पर मतभेद सामने आये हैं.
जमात-ए-इस्लामी और नेशनल सिटिजन्स पार्टी (एनसीपी) जैसे दलों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया है, जबकि पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने इसका तीखा विरोध किया है.
रविवार को शुरू हुई राष्ट्रीय सहमति आयोग की बैठक में 30 राजनीतिक दलों ने भाग लिया, जिनमें से बीएनपी सहित तीन दलों ने प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति पद की अवधि निर्धारित करने के प्रस्ताव को खारिज किया.
बीएनपी के स्थायी समिति सदस्य सलाहउद्दीन अहमद ने कहा, "हमारा सवाल है कि यदि कोई राजनीतिक दल लगातार तीन बार संसदीय चुनाव जीतता है, तो उसे अपने नेता को प्रधानमंत्री क्यों नहीं बनाने दिया जाना चाहिए?"
इसके अलावा, पिछले साल शेख हसीना सरकार के खिलाफ आंदोलन करने वाले छात्र नेताओं के एक गुट ने 1972 के 'मुजीबवादी संविधान' के चार मूल सिद्धांतों को रद्द करने की मांग की है. बांग्लादेश कम्युनिस्ट पार्टी ने भी इस प्रस्ताव का समर्थन नहीं किया है.
यह मुद्दा देश में राजनीतिक स्थिरता और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं पर नये सिरे से बहस छेड़ने वाला साबित हो सकता है.