बांग्लादेश में गृहयुद्ध की आहट?
नई दिल्ली । डेस्क: बांग्लादेश में एक बार फिर अशांति और अस्थिरता की आहट सुनाई दे रही है. एक प्रमुख भारतीय समाचार माध्यम ने सनसनीखेज दावा किया है कि तीन पाकिस्तानी सेना अधिकारियों ने गुपचुप तरीके से बांग्लादेश का दौरा किया.
बांग्लादेश की खुफिया एजेंसियों के शीर्ष सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि इन अधिकारियों का मकसद पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और रोहिंग्या आतंकियों के बीच गठजोड़ स्थापित करना था. इस घटना ने क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं.
सूत्रों के अनुसार, तीन पाकिस्तानी सेना अधिकारी- नदीम अहमद, मोहम्मद तलाव और सईद अहमद राव- हाल ही में नये पासपोर्ट के साथ बांग्लादेश पहुंचे. ये अधिकारी कॉक्स बाजार के नजदीक रामू आर्मी कैंप में देखे गये, जो रोहिंग्या शरणार्थी शिविरों से सटा हुआ इलाका है.
बांग्लादेश की खुफिया एजेंसियों का दावा है कि इन अधिकारियों का उद्देश्य रोहिंग्या शरणार्थियों के बीच चरमपंथी विचारधारा को बढ़ावा देना और छद्म युद्ध की रणनीति को लागू करना था. माना जा रहा है कि इस दौरे के पीछे कोई बड़ा साजिशपूर्ण मंसूबा हो सकता है.
शेख हसीना की अवामी लीग सरकार के पतन के बाद से बांग्लादेश में सत्ता की होड़ तेज हो गई है. बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और जमात-ए-इस्लामी इस अवसर का फायदा उठाने की कोशिश में हैं.
खुफिया सूत्रों के मुताबिक, बीएनपी लंबे समय से रोहिंग्या शरणार्थियों को चरमपंथ की ओर धकेलने की कोशिश कर रही है, ताकि देश में अशांति और छायायुद्ध को बढ़ावा दिया जा सके.
दूसरी ओर, जमात-ए-इस्लामी, पाकिस्तान की आईएसआई और चीन के सहयोग से बांग्लादेश में अराजकता फैलाने की साजिश रच रहा है.
माना जा रहा है कि अगर यह दावा सत्य है, तो इसका असर न केवल बांग्लादेश, बल्कि भारत के पूर्वोत्तर राज्यों पर भी पड़ सकता है. खुफिया एजेंसियों का कहना है कि आईएसआई बांग्लादेश को आधार बनाकर भारत के पूर्वोत्तर में गुप्त हमलों की योजना बना रही है.
पहले से ही यह चर्चा जोरों पर है कि पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर की तर्ज पर बांग्लादेश में आतंकवाद की जड़ें मजबूत करने की कोशिश कर रहा है. रोहिंग्या शरणार्थियों को आतंकवाद के लिए प्रशिक्षित करने की खबरें भी समय-समय पर सामने आती रही हैं.
शेख हसीना सरकार के पतन के बाद से भारत और बांग्लादेश के बीच कूटनीतिक संबंधों में तनाव देखा जा रहा है. पाकिस्तान के साथ भी भारत के रिश्ते पहले से ही तनावपूर्ण हैं.
ऐसे में पाकिस्तानी सेना अधिकारियों का बांग्लादेश में गुप्त दौरा क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा बन सकता है.
कॉक्स बाजार के शरणार्थी शिविरों में रह रहे रोहिंग्या मुस्लिमों को आतंकवाद के लिए प्रशिक्षित करने की खबरें पहले भी सामने आ चुकी हैं.
अब इस ताजा घटनाक्रम ने इन आशंकाओं को और पुख्ता किया है. आशंका जताई जा रही है कि पाकिस्तान रोहिंग्या शरणार्थियों का इस्तेमाल भारत के पूर्वोत्तर को अस्थिर करने के लिए कर सकता है.
इस पूरे मामले ने भारत और बांग्लादेश दोनों के लिए गंभीर चिंता पैदा कर दी है. अगर यह खबर सही साबित होती है, तो यह दक्षिण एशिया की सुरक्षा व्यवस्था पर गहरा असर डाल सकता है.