मंगल, 17 नव. 2026

CGKhabar

बांग्लादेश: क्या भारत अब खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान पर दांव लगा रहा है ?

C

CG Khabar

31 दिस. 2025, 06:53 PM 2 मिनट में पढ़ें 28

तारिक रहमान
तारिक रहमान

नई दिल्ली/ढाका । डेस्क: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बीएनपी प्रमुख बेगम खालिदा जिया के निधन पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है. इस क्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने खालिदा जिया के पुत्र और बीएनपी के कार्यकारी चेयरमैन तारिक रहमान को एक व्यक्तिगत पत्र लिखकर संवेदना जताई और पार्टी में उनके नेतृत्व पर भरोसा व्यक्त किया है.


प्रधानमंत्री मोदी का यह पत्र भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ढाका में तारिक रहमान को सौंपा. जयशंकर खालिदा जिया के अंतिम संस्कार में भारत के आधिकारिक प्रतिनिधि के रूप में शामिल हुए थे. पत्र में प्रधानमंत्री मोदी ने खालिदा जिया के साथ 2015 में ढाका यात्रा के दौरान हुई मुलाकात को याद किया और उन्हें एक दृढ़, संकल्पित और दूरदर्शी नेता बताया.

विज्ञापन


मोदी ने पत्र में लिखा कि बेगम खालिदा जिया बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री थीं और उन्होंने देश के विकास के साथ-साथ भारत-बांग्लादेश संबंधों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई. प्रधानमंत्री के अनुसार, खालिदा जिया का योगदान दोनों देशों के द्विपक्षीय रिश्तों के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा.


प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि खालिदा जिया के निधन से बांग्लादेश की राजनीति में एक अपूरणीय शून्यता उत्पन्न हुई है. हालांकि, उनका राजनीतिक दृष्टिकोण और विरासत जीवित रहेगी. उन्होंने विश्वास जताया कि तारिक रहमान अपनी माता की विचारधारा और राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाएंगे और बीएनपी में उनका नेतृत्व बांग्लादेश की राजनीति के लिए एक नई शुरुआत साबित होगा.


मोदी ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि बीएनपी में तारिक रहमान का सक्षम नेतृत्व भविष्य में भारत और बांग्लादेश के ऐतिहासिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों को और सुदृढ़ करने में सहायक होगा. इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने खालिदा जिया के निधन के तुरंत बाद सोशल मीडिया के माध्यम से भी शोक व्यक्त किया था.


उल्लेखनीय है कि बुधवार को ढाका में पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ खालिदा जिया का अंतिम संस्कार किया गया. उनकी जनाजा में भारी संख्या में लोग शामिल हुए. बीएनपी के कार्यकारी चेयरमैन तारिक रहमान के साथ-साथ बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस, नेशनल सिटिजन पार्टी (एनसीपी) के संयोजक नाहिद इस्लाम और भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी उपस्थित थे.


जनाजा के बाद कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच खालिदा जिया के पार्थिव शरीर को संसद भवन से मिया एवेन्यू होते हुए जिया उद्यान ले जाया गया, जहां उन्हें उनके पति और बांग्लादेश के पूर्व राष्ट्रपति मेजर जियाउर रहमान की समाधि के पास सुपुर्द-ए-खाक किया गया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP