बांग्लादेश चुनाव: तारिक रहमान की जीत की ओर बढ़ता कदम
ढाका । डेस्क: बांग्लादेश में हुए ऐतिहासिक संसदीय चुनावों के शुरुआती रुझानों और नतीजों ने देश की राजनीति में एक बड़े बदलाव की पटकथा लिख दी है. करीब दो दशकों का स्व-निर्वासन समाप्त कर स्वदेश लौटे तारिक रहमान के नेतृत्व वाले बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) गठबंधन ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है.
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गुरुवार को हुए मतदान के बाद शुक्रवार सुबह तक हुई गिनती में बीएनपी गठबंधन ने स्पष्ट बढ़त बना ली है, जिससे 60 वर्षीय तारिक रहमान का प्रधानमंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है.
यह जीत रहमान के लिए एक बड़े 'यू-टर्न' की तरह है, जो भ्रष्टाचार के आरोपों और सैन्य समर्थित शासन के दौरान 2008 में इलाज के बहाने लंदन चले गए थे.
पिछले साल अगस्त में छात्र विद्रोह के कारण शेख हसीना के देश छोड़ने के बाद, रहमान का पिछले क्रिसमस पर ढाका में भव्य स्वागत हुआ था. अपनी इस नई पारी में रहमान एक परिपक्व राजनेता की छवि पेश कर रहे हैं. उन्होंने साफ किया है कि उनकी प्राथमिकता देश में लोकतंत्र की बहाली और शांति स्थापित करना है, न कि राजनीतिक प्रतिशोध लेना.
अपनी भावी कार्ययोजना को लेकर रहमान ने स्पष्ट किया है कि वे विदेशी निवेश के लिए संतुलित अंतरराष्ट्रीय साझेदारी बनाएंगे और किसी एक देश पर निर्भर रहने के बजाय विविधता को प्राथमिकता देंगे. उनके आर्थिक एजेंडे में गरीबों के लिए वित्तीय सहायता बढ़ाना और केवल गारमेंट एक्सपोर्ट पर निर्भरता कम कर खिलौना और चमड़ा जैसे नए उद्योगों को बढ़ावा देना शामिल है.
इसके अलावा, उन्होंने भविष्य में किसी भी तरह की तानाशाही को रोकने के लिए प्रधानमंत्री पद के लिए अधिकतम दो कार्यकाल (10 वर्ष) की सीमा तय करने का भी प्रस्ताव रखा है. ढाका विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र रहे रहमान अब अपने माता-पिता, जियाउर रहमान और खालिदा जिया की राजनीतिक विरासत को एक नए और लोकतांत्रिक विजन के साथ आगे बढ़ाने के लिए तैयार दिख रहे हैं.